लोकतंत्र के महापर्व में सभी सहयोग दें : डीसी
हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसे मजबूत करने में हर नागरिक को अपना योगदान देना चाहिए।
संवाद सहयोगी, फतेहगढ़ साहिब : हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसे मजबूत करने में हर नागरिक को अपना योगदान देना चाहिए। यह बात उपायुक्त-व-जिला चुनाव अधिकारी पूनमदीप कौर ने कही। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जिले में लगभग छह हजार के करीब अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि देखा गया है कि कई अधिकारी/कर्मचारी अपनी चुनाव ड्यूटी कटवाने के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगा रहे थे जो सही नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से चुनाव प्रक्रिया को अंजाम दिया जा सकता है, अधिकारियों/कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों में कटौती करने की कोशिश करने के बजाय समर्पण की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। पूनमदीप कौर ने कहा कि लोकतंत्र के महान पर्व के उपलक्ष्य में चुनाव ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कोविड-19 की बूस्टर डोज देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसके अलावा चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संचालित करने के लिए विभिन्न उड़नदस्ते और निगरानी दल का गठन किया गया है जो 24 घंटे ड्यूटी पर रहेंगे।