पति को छोड़ लिव इन रिलेशन में रहने लगी महिला, गर्भवती हुई तो प्रेमी ने किया यह हाल
पंजाब के फरीदकोट जिले में एक महिला पति से अलग होकर एक व्यक्ति के साथ लिव इन रिलेशन में रहने लगी। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई तो प्रेमी ने उसकी हत्या कर दी।
फरीदकोट, जेएनएन। एक महिला पति से विवाद के बाद उससे अलग हो गई। वह एक अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध स्थापित हो गया और वह उसके साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगी। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई और बच्चे को जन्म देने पर अड़ गई तो प्रेमी उससे अलग चला गया। बाद में महिला प्रेमी के पास पहुंच गइ्र तो उसने नहर में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी। घटना जिले के गांव गोलेवाला की है।
प्रेमी नहीं चाहता था बच्चा, गुस्से में की वारदात, आरोपित के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
महिला का तीन दिन पहले पक्खी कलां रजबाहे से शव मिला था। सोमवार को महिला की शिनाख्त जिला फिरोजपुर के थाना मल्लावाला के गांव फतेहगढ़ सबरांह निवासी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसे गांव गोलेवाला निवासी जसविंदर सिंह उर्फ जस ने रजबाहे में धक्का दे दिया था। दोनों पिछले कुछ समय से लिव इन रिलेशनशिप के तहत मोगा के एक घर में किराये पर रहे थे। बताया जाता है कि महिला बच्चे को जन्म देने पर अड़ी हुई थी और इससे गुस्से में आकर प्रेमी ने यह कदम उठा लिया।
पुलिस को दिए बयान में महिला के भाई ने बताया कि उसकी बहन की शादी 13-14 साल पहले तरनतारन के गांव वांह के एक व्यक्ति के साथ हुई थी। उसका एक लड़का 12 साल का है। करीब तीन-चार साल पहले उसकी बहन का ससुराल के परिवार के साथ विवाद हो गया था। इसके बाद वह मायके आकर रहने लगी। इस दौरान उसका संपर्क गांव गोलेवाला निवासी जसविंदर सिंह जस के साथ हो गया और दोनों मोगा के बोहना रोड स्थित एक गली में किराये पर रहने लगे। महिला के भाई ने कहा कि दोनों उसके पास भी आते जाते रहते थे।
डिलीवरी के लिए आधार कार्ड मांग रही थी महिला, प्रेमी कर रहा था मना
महिला के भाई के अनुसार, इसी दौरान उसकी बहन गर्भवती हो गई और उसकी जल्द ही डिलीवरी होने वाली थी। इसके लिए वह जसविंदर सिंह जस से आधार कार्ड मांग रही थी, लेकिन वह मना कर रहा था। महिला के बार-बार बच्चे को जन्म देने और प्रेमी का आधार कार्ड मांगने पर प्रेमी जसविंदर उसको मोगा में छोड़कर खुद गोलेवाला आकर रहने लगा था।
महिला के भाई के अनुसार, वह बच्चे को जन्म देने को अस्पताल में जमा कराने के लिए आधार कार्ड मांगने प्रेमी के पास गांव गोलेवाला भी आ गई। इसके बाद से उसका पता नहीं चला। महिला के भाई के अनुसार, इसी दौरान उसे सोशल मीडिया पर अपनी बहन की लाश नहर से बरामद होने की जानकारी मिली। जगतार ने आरोप लगाया कि जसविंदर बच्चा नहीं चाहता था। इसके चलते ही उसने गोलेवाला आई उसकी बहन को नहर में धक्का देकर हत्या कर दी। थाना सदर प्रभारी इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह ने बताया कि जांच के बाद इस मामले में पुलिस ने जसविंदर सिंह जस के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।