मोहाली सिविल अस्पताल के बाहर ऑटो में महिला ने नवजात को दिया जन्म, मौके पर मौजूद महिलाओं ने पेश की मिसाल
मोहाली के फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल के बाहर एक गर्भवति महिला ने बच्चे को जन्म दिया। महिला को ऑटो से अस्पताल लाया जा रहा था कि अचानक रास्ते में महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ गई। जब तक उसे अस्पताल के अंदर पहुंचाया जाता उससे पहले ही उसकी डिलीवरी हो गई।
जागरण संवाददाता, मोहाली। मोहाली के फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल के बाहर एक गर्भवति महिला ने बच्चे को जन्म दिया। महिला को ऑटो से अस्पताल लाया जा रहा था, कि अचानक रास्ते में महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ गई। महिला को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन उसने अस्पताल के बाहर ऑटो में भी बच्चे को जन्म दे दिया। महिला की डिलीवरी के बाद जच्चा-बच्चा को अस्पताल में भर्ती किया गया और डॉक्टरों ने जांच के बाद मां और नवजात को स्वस्थ बताया है।
घटना मंगलवार की है। अस्पताल के बाहर महिला की डिलीवरी के दौरान मौके पर मौजूद महिलाओं ने मानवता की मिसाल पेश की। अस्पताल के बाहर ऑटो में जब गर्भवती महिला दर्द से कराह रही थी तो उसकी चीख पुकार सुन सभी लोग हक्के बक्के रह गए। तभी अस्पताल आई कुछ महिलाएं ऑटो के पास आ पहुंची। उन्होंने महिला को संभाला और कुछ महिलाओं ने ऑटो को कपड़ों व चुन्नियों से घेर लिया। इस दौरान महिलाओं ने हिम्मत दिखाई और महिला की डिलिवरी ऑटो में ही करवा दी।
इस बात की जानकारी जैसे ही अस्पताल स्टाफ को दी गई तो कुछ कर्मचारी बाहर आए और जच्चा-बच्चा को संभाल कर अंदर ले गए। जानकारी के अनुसार फेज-11 से गर्भवती महिला डिलीवरी के लिए सिविल अस्पताल आ रही थी। रास्ते में ही उसे तकलीफ होने लगी जिसके बाद जैसे उसे तुरंत ऑटो से अस्पताल के मेन गेट के बाहर पहुंचा दिया गया, लेकिन महिला दर्द से कराहने लगी और ऑटो की सीट पर ही लेट गई। यह देख कर ऑटो चालक ने भागकर अस्पताल के अंदर स्टाफ को इसकी जानकारी देने पहुंच गया। जब तक स्टाफ बाहर पहुंचा तो मौके पर मौजूद महिलाओं ने ऑटो में ही महिला की डिलीवरी कर दी थी।