Weather in Chandigarh: चंडीगढ़ में बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत, आज भी बरसेंगे बदरा
Weather in Chandigarh सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में मौसम का मिजाज बदल चुका है। बीते वीरवार शाम हुई बारिश ने लोगों को तपतपाती गर्मी से राहत दिलाई है। वहीं शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। वीरवार से शुरू हुई बारिश का दौर शुक्रवार को भी जारी रहेगा।
चंडीगढ़, जेएनएन। सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में मौसम का मिजाज बदल चुका है। बीते वीरवार शाम हुई बारिश ने लोगों को तपतपाती गर्मी से राहत दिलाई है। वहीं, शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। वीरवार से शुरू हुई बारिश का दौर शुक्रवार को भी जारी रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार आज शहर में पूरा दिन आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं, जिसके साथ शहर में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और तेज बारिश होगी। बारिश होने की वजह से शहर वासियों को आज गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। बीती रात रुक रुक कर हुई बारिश से शहर का मौसम खुशनुमा बन गया है। रात भर हुई बारिश से शहर के तापमान पर भी इसका काफी असर देखने को मिला। शुक्रवार सुबह शहर का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हल्की बूंदाबांदी भी हो रही है।
शहर में वीरवार शाम को एकाएक मौसम बदला और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई। वहीं, दिन का तापमान 32 डिग्री के आसपास रहा दर्ज किया गया। शाम के समय एकाएक आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवा चलने लगी। मौसम विभाग के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते शहर में दो दिन बादल छाए रहेंगे।
वीरवार शाम तूफान के बाद आधे शहर की बत्ती हुई गुल, कई जगह गिरे पेड़
वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में भी बारिश को दौर जारी है। पंजाब के कई इलाकों में भी वीरवार को तेज बौछारें पड़ी हैं। बारिश होने के बाद तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई है। वीरवार शाम तूफान के बाद हुई तेज बारिश के कारण शहर के आधे से ज्यादा सेक्टरों की बिजली गुल हो गई थी। वहीं, कई जगह पेड़ गिरने का भी समाचार है। मध्य मार्ग प्रेस लाइट से लेकर कला ग्राम लाइट प्वाइंट तक स्ट्रीट लाइट बंद हो गई थी। सेक्टर 26, आइटी पार्क के अलावा सेक्टर- 29, 30, हल्लोमाजरा, सेक्टर 28 में भी स्ट्रीट लाइट नहीं जल रही थीं। इसके अलावा सेक्टर-63, 32बी, 32ए, 14, खुड्डा लाहौरा और धनास में भी बत्ती गुल हो गई थी। विभाग ने शुक्रवार को भी बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण पहाड़ों पर बारिश हो रही है जिसका असर शहर पर भी पड़ रहा है। आज शाम का तापमान 23 डिग्री चल रहा है।