Weather Forecast : अगले चार से पांच दिनों में 44 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, नौतपा छुड़ाएगा पसीना
नौतपा शुरू हो गया है। अगले चार-पांच दिन में पारा और बढ़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है।
चंडीगढ़, [राजन सैनी]। अगले पांच दिन तपिश और बढ़ेगी। मौसम विभाग ने चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के लिए पांच दिनों तक का अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि चार से पांच दिनों के बीच तापमान तेजी से बढ़ेगा और लू चलेगी। ऐसे में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इस तरह मई महीने के अंत में नौतपा लोगों का पसीना छुड़ाएगा।
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्रपाल शर्मा ने बताया कि सोमवार से 27 मई तक चंडीगढ़ के साथ-साथ पंजाब और हरियाणा में तापमान में इजाफा तय है। रविवार को शहर में सुबह से धूप खिली रही। गर्म हवा चलने के साथ शहर में गर्मी भी बढ़ी। हालांकि इस बीच एयरपोर्ट एरिया में हल्की बारिश हुई, लेकिन इस बारिश का शहर के तापमान पर कुछ खास असर दिखाई हुआ।
रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं एयरपोर्ट एरिया में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं लॉकडाउन मे ढील के बावजूद शहर के मार्केट में दोपहर के समय अब भीड़ कम ही दिखाई दे रही है।
क्या है नौतपा
मई महीने के अंत में नौपता हर वर्ष लगता है, जो इस बार 25 मई से शुरू होगा। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल वर्ष में एक बार रोहिणी नक्षत्र की दृष्टि सूर्य पर पड़ती है। यह नक्षत्र 15 दिन रहता है, लेकिन शुरू के नौ दिनों में पृथ्वी और सूर्य की दूरी कम होती है। इसके चलते इन दिनों में गर्मी ज्यादा होती है। इससे धूप और तीखी हो जाती है।
आने वाले दिनों का मौसम
- सोमवार को आसमान साफ रहेगा। इसके साथ ही शहर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री रहने की आशंका है।
- मंगलवार को धूप खिली रहेगी। अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री तक रह सकता है।
- बुधवार को तेज धूप परेशान कर सकती है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने की आशंका है।
पंजाब
शहर अधिकतम तापमान
पटियाला 42.6
लुधियाना 41.9
अमृतसर 41.2
हरियाणा
नारनौल 45
हिसार 43.6
अंबाला 42.6
करनाल 41.6