अकाली-भाजपा के पूर्व पार्षदों का आरोप, माेहाली में कांग्रेस नेता मर्जी से तोड़ रहे वार्ड
स्थानीय निकाय विभाग की ओर से नगर निगम को शहर के 50 वार्डो की जो नई वार्डबंदी के निर्देश दिए गए हैं उसको लेकर काम भी तेज हो गया है।
मोहाली, जेएनएन। स्थानीय निकाय विभाग की ओर से नगर निगम को शहर के 50 वार्डों की जो नई वार्डबंदी के निर्देश दिए गए हैं, उसको लेकर काम भी तेज हो गया है। लेकिन अब नई वार्डबंदी को लेकर राजनीति भी गरमा गई है। अकाली-भाजपा के पूर्व पार्षदों का आरोप है कि कांग्रेस अपनी मर्जी से वार्ड तुड़वा रही है ताकि चुनाव में फायदा हो सके। यह काम शहर में कांग्रेस का मेयर बनाने की रणनीति के तहत किया जा रहा है।
वार्डबंदी का 80 फीसद काम पूरा हो चुका है। कमिश्नर कमल कुमार गर्ग ने बताया कि अगले हफ्ते तक वार्डबंदी का पूरा मसौदा तैयार कर डायरेक्टर लोकल बॉडीज विभाग को भेज दिया जाएगा। ध्यान रहे कि पहले 30 जुलाई तक ये मसौदा भेजा जाना था जोकि नहीं भेजा जा सका।
भाजपा के वार्डो पर ज्यादा फोकस
पूरे काम में कांग्रेसी पार्षदों के वार्ड से ज्यादा छेड़छाड़ नहीं की गई है बल्कि उनकी इच्छा के अनुसार ही उनको तोड़ा या जोड़ा गया है। अकाली-भाजपा के 34 पार्षदों के वार्डों पर खास फोकस किया गया है। कुछ पार्षदों को छोड़कर करीब 80 फीसद पार्षदों के वार्डो में भारी फेरबदल किया गया है। ऐसी वार्डबंदी की गई है कि अकाली-भाजपा पार्षद खुद तो खड़े नहीं हो सकते। यदि उन्होंने अपनी पत्नियों को भी चुनाव के लिए खड़ा करना होगा तो वे कई बार सोचेंगे।
बदल जाएगी वार्डों की नंबरिंग
शहर में इस समय फेज-6 के एरिया सहित वार्ड की गिनती शुरू होती है। लेकिन अब जो बदलाव किया गया है, उसके आधार पर अब फेज-1 शहर का पहला वार्ड होगा। यहां से वार्ड की शुरुआत की जाएगी। शहर में जो मौजूदा एक से 50 तक वार्ड की नंब¨रग है, वह बदल जाएगी। कई पुराने वार्ड तो पूरी तरह से खत्म कर दिए जाएंगे। उनकी जगह नए वार्ड बनाए जाएंगे। सरकार की ओर वार्डबंदी के लिए पहले ही शहर की सीमा को बढ़ाने से रोक दिया गया था और शहर में मौजूदा 50 वार्ड में ही चुनाव करवाने की तरजीह दी है।
50 वार्ड में 39 हजार 894 मकान
निगम ने जनगणना विभाग से शहर की जनसंख्या का नया आंकड़ा मांगा था। लेकिन निगम को बताया कि उनके पास नया कोई आंकड़ा नहीं है। बल्कि 2011 में जो जनगनणा हुई थी उसी का आंकड़ा है। उसके अनुसार शहर में 50 वार्ड में कुल 39 हजार 894 मकान हैं। जबकि निगम एरिया के 50 वार्ड की आबादी एक लाख 66 हजार 864 हैं इनमें 87 हजार 380 पुरुष और 79 हजार 484 महिलाएं हैं। नई वार्डबंदी जल्द ही लोगों के सामने आ जाएगी।