किसानों के चक्का जाम को व्यापार मंडल का समर्थन, जरूरी सामान की दुकानों को छोड़ सब रहेंगी बंद
मोहाली व्यापार मंडल के अध्यक्ष विनित वर्मा ने कहा कि किसान जत्थेबंदियों ने बंद के लिए समर्थन मांगा था जोकि स्वीकार कर लिया गया है। 25 सितंबर को जरूरी सामान की दुकानें ही खुलेंगी बाकी सभी व्यापारी भाईयों को दुकानें बंद रखने के लिए अनुरोध किया गया है।
मोहाली, जेएनएन। पंजाब में केंद्र के खिलाफ 25 सितंबर को होने वाले चक्का जाम में मोहाली व्यापार मंडल भी कूद पड़ा है। किसानों के मोहाली व्यापार मंडल को समर्थन देने की मांग की थी। इसके बाद व्यापार मंडल ने किसानों को समर्थन देने की घोषणा कर दी है।
मोहाली व्यापार मंडल के अध्यक्ष विनित वर्मा ने कहा कि किसान जत्थेबंदियों ने बंद के लिए समर्थन मांगा था जोकि स्वीकार कर लिया गया है। 25 सितंबर को जरूरी सामान की दुकानें ही खुलेंगी, बाकी सभी व्यापारी भाईयों को दुकानें बंद रखने के लिए अनुरोध किया गया है। वर्मा ने कहा कि किसान भाईयों के साथ व्यापार मंडल खड़ा है किसी अन्य चीज की जरूरत भी किसानों को होगी तो मुहैया करवाई जाएगी।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र किसानों के साथ गलत कर रही है। अगर किसान ही नहीं रहेंगे तो व्यापारी खत्म हो जाएंगे। ये केंद्रीय कृषि कानून सिर्फ अंबानी और अडानी को लाभ देने के लिए लाया गया है। इस कानून को फौरन वापस लिया जाए। ध्यान रहे कि शिअद भी धरने को अपना समर्थन दे चुका है। इसके अलावा कई अन्य कर्मचारी संगठन भी धरने में शामिल होने की घोषणा कर चुके हैं।