मोहाली निगम चुनाव का ये नजारा, एक परिवार से दो उम्मीदवार, चाची- भतीजे में से कौन मारेगा बाजी
मोहाली नगर निगम चुनाव के लिए रविवार को मतदान होगा। वहीं मोहाली में एक परिवार के दो सदस्य अलग-अलग दलों से चुनाव लड़ रहे हैं। वार्ड नंबर 12 से भाजपा प्रत्याशी सैंबी आनंद मैदान में हैं तो वार्ड नंबर 11 से उनकी चाची अनुराधा आनंद कांग्रेस की उम्मीदवार हैं।
मोहाली [रोहित कुमार]। मोहाली नगर निगम के चुनाव प्रचार के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा वार्ड नंबर- 12 की रही। इस वार्ड से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सैंबी आनंद चुनाव लड़ रहे हैं। मजे की बात ये है कि वार्ड नंबर -11 से सैंबी आनंद की चाची अनुराधा आनंद कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रही है। अब चाची और भतीजे में कौन बाजी मारेगा इसको लेकर बस की निगाहें दोनों पर है। क्योंकि कृषि सुधार कानूनों को लेकर भाजपा को विरोध का सामना करना पड़ रहा है। दोनों दलों के उम्मीदवार अपनी अपनी जीत के दावे कर रहे हैं।
ध्यान रहे कि चुनाव प्रचार के लिए सैंबी आनंद को महज बीस मिनट मिले क्योंकि चुनाव लड़ने की अनुमति आनंद को सुप्रीम कोर्ट से लेकर आनी पड़ी। इस बार चुनावी अखाड़े में चाची-भतीजे, सगे भाई, पति-पत्नी सब देखने को मिल रहे हैं। जिन का भाग्य 14 फरवरी रविवार को ईवीएम में बंद होगा।
उधर नगर निगम के पूर्व मेयर और आजाद ग्रुप का नेतृत्व कर रहे कुलवंत सिंह और उनके बेटे सर्बजीत सिंह में से कौन बाजी मारेगा इसमें सबकी उत्सुकता है। वार्ड नंबर -42 से पूर्व मेयर कुलवंत सिंह अपनी किस्मत अजामा रहे हैं, तो वार्ड नंबर -38 से उनका बेटा सर्बजीत सिंह चुनाव मैदान में है। वहीं वार्ड नंबर -2 शिरोमणि अकाली दल के यूथ शहरी के अध्यक्ष हरमनप्रीत सिंह प्रिंस और वार्ड नंबर- 6 से पत्नी इंद्रप्रीत कौर ने चुनाव जीतने के लिए पूरा जोर लगा रखा है।
मोहाली नगर निगम के पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर की पत्नी राज रानी जैन वार्ड 19 से तो वार्ड 20 से ऋषभ जैन खुद चुनाव में लड़ रहे हैं। वार्ड नंबर 14 जगतार सिंह कुंभड़ा तो वार्ड नंबर 26 पूर्व पार्षद रविंद्रर बिंद्रा पहलवान चुनाव मैदान में है। दोनों संगे भाई हैं। दोनों भाई आजाद ग्रुप से चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभी उम्मीदवार डोर टू डोर प्रचार में लगे रहे।