यूटी पुलिस का 55वां स्थापना दिवस, पुलिस लाइन में परेड-झांकी और भंगड़ा
चंडीगढ़ पुलिस का 55वां स्थापना दिवस वीरवार की सुबह सेक्टर-26 पुलिस लाइन में धूमधाम से मनाया गया।
जागरण संवाददाता चंडीगढ़ : चंडीगढ़ पुलिस का 55वां स्थापना दिवस वीरवार की सुबह सेक्टर-26 पुलिस लाइन में धूमधाम से मनाया गया। परेड, झांकी के बाद डीएसपी, मुलाजिमों का भंगड़ा सहित आला अधिकारियों को कुर्सी सहित कंधे पर उठाकर जवानों के जश्न मनाने का नजारा काफी दर्शनीय था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित पहुंचे। डीजीपी प्रवीन रंजन, डीआइजी ओमवीर सिंह बिश्नोई, एसएसपी यूटी कुलदीप सिंह चहल, एसएसपी ट्रेफिक एंड सिक्योरिटी मनीषा चौधरी, एसपी केतन बंसल, डीएसपी, इंस्पेक्टर, मुलाजिम, उनके परिवार के सदस्य सहित रिटायर्ड जवान भी इसमें हिस्सा बने। आइपीएस मृदुल ने परेड का नेतृत्व और सेकेंड कमांडर इंस्पेक्टर सुखदीप सिंह थे। वहीं, सात इंस्पेक्टर से डीएसपी प्रमोट होने वाले अधिकारियों को स्टार भी प्रशासक ने खुद लगाया। कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल, वूमेन अवेयरनेस की मनमोहक और जागरूक करने वाली झांकी भी निकाली गई।
ईमानदारी और निष्ठा से करें काम, चंडीगढ़ पुलिस का नाम हो रोशन : प्रशासक
प्रशासन बनवाली लाल पुरोहित ने पुलिस विभाग को ईमानदारी और निष्ठा से नौकरी करने की सलाह देकर सबसे बेहतर पुलिस बनाने को कहा है, ताकि विदेश की तर्ज पर यूटी पुलिस पूरे देश में अपना नाम रोशन कर सके। यूटी पुलिस का नाम देश के सबसे प्रसिद्ध पुलिस बल में गिना जाता है।
वहीं, डीजीपी प्रवीर रंजन ने कहा कि एक नवंबर 1966 को चंडीगढ़ पुलिस की स्थापना की गई थी। उस समय एसपी रैंक का एक उच्चाधिकारी, तीन डीएसपी व करीब 500 सिपाही चंडीगढ़ पुलिस में शामिल किए गए थे। आज चंडीगढ़ पुलिस बल की संख्या करीब 5700 से ज्यादा है। वहीं, उन्होंने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट, ई बीट सिस्टम, ई-सारथी एप, उर्जा प्रोजेक्ट, स्पेशल स्किल डेवपलमेंट कार्यक्रम, सभी पुलिस स्टेशन को पेपर लेस करने और एंटी इव टीजिग स्क्वायड बनाने सराहना किया। 336 मकान तैयार, जल्द आवंटन
डीजीपी ने कहा कि चंडीगढ़ आर्म्ड पुलिस कांप्लेक्स में 1560 विभिन्न प्रकार के आवासों के निर्माण किया जा रहा है, जिसमें 336 मकान तैयार हो चुके हैं। आवंटन जल्द कर दिया जाएगा। महिला पुलिसकर्मियों के शिशुओं के लिए चंडीगढ़ पुलिस चर्च की व्यवस्था भी कर रखी है। वहीं, इस वर्ष 55 रॉयल इनफील्ड, 18 योद्धा व्हीकल और एक एंबुलेंस खरीदे हैं।