अनलॉक-2 : बस सेवा में विस्तार आज से
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच बुधवार (एक जुलाई) से अनलॉक -2 की शुरुआत हो रही है।
जागरण संवाददाता, मोहाली :
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच बुधवार (एक जुलाई) से अनलॉक -2 की शुरुआत हो रही है। बीते सोमवार को केंद्र सरकार ने अनलॉक -2 को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए थे। इसके तहत रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक रात का कर्फ्यू रहेगा। इस दौरान लोगों के बाहर निकलने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। अनलॉक - 2 की अवधि 31 जुलाई तक रहेगी। वहीं लोगों को कई तरह की रियायतें भी दी गई हैं। जिले के फेज-6 स्थित बस स्टैंड से बसें चल रही हैं। फिलहाल सुबह 8 से शाम 6 बजे तक बसें चलती हैं। लेकिन अब बस सेवा को ओर विस्तार दिया जाएगा। हालांकि कितनी बसें बढ़ेंगी इस पर निर्णय इस सप्ताह के अंत तक लिया जाएगा। अभी तक अलग-अलग जिलों के लिए 70 से ज्यादा बसें चल रही हैं। इसके अलावा होटलों व रेस्टोरेंट के खुलने के समय को भी बढ़ाया जा सकता है। क्योंकि अभी तक जो समय होटलों व रेस्टोरेंट को खोलने के लिए दिया गया है, उसमें ग्राहक नहीं आ रहे। फेजों व सेक्टरों की अपनी मंडी को खोलने का निर्णय आने वाले दिनों में लिया जा सकती है।
अनलॉक 2 में रोजगार बढ़ाने के लिए नए कदम उठाए जाएंगे। इसके तहत स्किल मैपिग पर काम हो सकता है। इस दौरान इंडस्ट्री को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जाएगा। इंडस्ट्री मालिकों से कहा जाएगा कि जितना हो सके, लोकल लेबर को रखें। क्या बंद रहेगा, क्या खुलेगा?
- स्कूल, कॉलेज और कोचिग सेंटर 31 जुलाई तक बंद रहेंगे। हवाई यात्रा नहीं कर सकेंगे। सिनेमा हॉल, जिम, स्विमिग पूल, मनोरंजन पार्क, बार, असेंबली हॉल आदि बंद रहेंगे। सामाजिक, राजनीतिक, खेल, मनोरंजन, शैक्षणिक, सांस्कृतिक, धार्मिक कार्य और अन्य बड़े कार्यक्रम अभी नहीं होंगे। रात का कर्फ्यू जारी रहेगा,मगर आवश्यक गतिविधियों के लिए छूट रहेगी।