चंडीगढ़ में ट्रक से मार्बल उतारते दो वर्कर नीचे दबे, एक की मौत, पुलिस मालिक पर दर्ज करेगी केस
चंडीगढ़ के सेक्टर-28 में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। उक्त सेक्टर स्थित फैक्ट्री मालिक के निर्माणाधीन मकान के सामने मार्बल उतारते समय हादसा हो गया। हादसे में एक वर्कर की मौत हो गई। अब इस मामले में पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी।
चंडीगढ़, जेएनएन। चंडीगढ़ के सेक्टर-28 में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। उक्त सेक्टर स्थित फैक्ट्री मालिक के निर्माणाधीन मकान के सामने मार्बल उतारते समय हादसा हो गया। हादसे में एक वर्कर की मौत हो गई। अब इस मामले में पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी। मृतक के स्वनजों के बयान और शिकायत के आधार पर फैक्ट्री मालिक महेश गुप्ता के खिलाफ एफआइआर भी दर्ज हो सकती है। फिलहाल, इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस मामले की जांच करने के बाद मृतक के स्वजनों का बयान दर्ज करने में लगी है।
सेक्टर-28 में फैक्ट्री मालिक के मकान के लिए मार्बल से भरे ट्रक से नीचे उतारा जा रहा था। तभी अचानक हादसा हो गया और भारी भरकम मार्बल के नीच दो कर्मचारी दब गए। आनन फानन में मार्बल के नीचे दबे दोनों कर्मचारियों को किसी तरह निकाला गया और जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया गया। जहां इलाज के दौरान एक कर्मचारी डेराबस्सी स्थित मुबारकपुर निवासी कर्म सिंह ने दम तोड़ दिया। जबकि, दूसरा कर्मचारी बलविंदर सिंह उपचाराधीन है।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-28 में महेश गुप्ता का मकान है। उनकी डेराबस्सी में पेपर मील की फैक्ट्री है। बुधवार को उनकी फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारी कर्म सिंह और बलविंदर घर आए थे। मकान के लिए एक ट्रक में मार्बल लाया गया था। मार्बल को दोनों कर्मचारी बलविंदर और कर्म सिंह नीचे उतारकर रखने लगे। इसी दौरान अचानक मार्बल फिसलने से एक साथ कई मार्बल की सिल्लियां दोनों से ऊपर गिर गया। हादसे के बाद मौजूद लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन एक कर्मचारी की मौत हो गई थी।