GATE Result में चमके PEC Chandigarh के होनहार, कशिश और वरुण ने पाया आल इंडिया 14वां रैंक
पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) चंडीगढ़ के स्टूडेंट्स ने आल इंडिया लेवल पर आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ग्रेजुएट एप्टीट्यूट टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट) में शानदार प्रदर्शन किया। पेक के दो स्टूडेंट्स कशिश और वरुण ने संयुक्त रूप से 14वां रैंक हासिल किया है।
चंडीगढ़, जेएनएन। पंजाब इंजीनियरिंग कालेज (पेक) के स्टूडेंट्स ने इंजीनियरिंग के मास्टर डिग्री प्रोग्राम (एमटेक) में दाखिले के लिए आल इंडिया लेवल पर आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ग्रेजुएट एप्टीट्यूट टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट) में शानदार प्रदर्शन किया है। पेक के दो स्टूडेंट्स ने आल इंडिया लेवल पर 14वां स्थान हासिल किया है। पेक से बीटेक करने वाले कशिश मित्तल और वरुण शर्मा ने संयुक्त रूप से गेट में 14वां स्थान पाया है। गेट परीक्षा आइआइटी मुंबई की ओर से आयोजित की गई थी। देश के आइआइटी में दाखिले के लिए गेट परीक्षा आयोजित की जाती है। सीटों के मुकाबले कई गुणा अधिक आवेदन इस परीक्षा के लिए आते हैं, लेकिन गेट का पास प्रतिशत बहुत ही कम होता है। इंजीनियरिंग विशेषज्ञों के अनुसार गेट टेस्ट क्लीयर करना ही बड़ी उपलब्धि है।
रिजल्ट में टाॅप 500 रैंक आने वाले स्टूडेंट्स के लिए पसंद के आइआइटी या दूसरे इंजीनियरिंग इंस्टीट्यूट में दाखिला की संभावनाएं काफी बढ़ जाती हैं। एमटेक में दाखिले के लिए अधिकतर स्टूडेंट्स की पहली पसंद आइआइटी मुंबई और दिल्ली हैं। गेट क्लीयर करने वाले कशिश मित्तल पेक के कंप्यूटर साइंस विभाग के स्टूडेंट हैं। वहीं, वरुण शर्मा इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के स्टूडेंट हैं। इन दोनों स्टूडेंट्स के अलावा भी पेक के एरोस्पेस विभाग की छात्रा आसिमा बंसल ने 129वां स्थान हासिल किया है। हितेश सैनी ने आल इंडिया लेवल पर 159वां रैंक पाया है। हितेश पेक के इलेक्ट्रिकल विभाग के स्टूडेंट हैं। कंप्यूटर साइंस विभाग से अग्रिम दीवान ने 179वां रैंक हासिल किया है। टाप 200 में पंजाब इंजीनियरिंग कालेज के पांच स्टूडेंट्स शामिल हैं। गेट क्लीयर करने वालों में इलेक्ट्रिकल विभाग के नैतिक ने 229वां रैंक, मोहम्मद जुनैद उसमानी ने 336वां स्थान हासिल किया है। एरोस्पेस विभाग से ही सत्रम कुकरेजा और साक्षी देवी ने भी टॉप 500 रैंक में शामिल हैं।
नार्थ रीजन में इंजीनियरिंग की डिग्री के लिए पेक पहली पसंद
इंजीनियरिंग की पढ़ाई की बात की जाए तो नार्थ रीजन में युवाओं के लिए पंजाब इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए पंजाब इंजीनियरिंग काॅलेज पहली पसंद रहता है। जेईई मेंस आल इंडिया एंट्रेंस की मेरिट के आधार पर पेक में दाखिला मिलता है। हर साल सिविल सर्विसेज से लेकर, देश के टाप बिजनेस स्कूल में दाखिले के लिए आयोजित किए जाने वाले कामन एडमिशन टेस्ट (कैट) सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेक के स्टूडेंट्स का हमेशा दबदबा रहता है। हाल ही में नासा के अंतरिक्ष मिशन में भी पेक की पूर्व दो छात्राओं का अहम योगदान रहा है। दुनिया भर की नामी मल्टीनेशनल कंपनी में पेक के स्टूडेंट्स को हर साल लाखों रुपये के पैकेज पर प्लेसमेंट मिलती है। बीते साल भी पेक स्टूडेंट को 50 लाख से अधिक का पैकेज ऑफर हुआ था।
पीयू में पीड़ितों को न्याय पर वेबिनार
पंजाब यूनिवर्सिटी स्थित यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज की ओर से पीड़ितों को न्याय थीम पर नेशनल वेबिनार का आयोजन किया गया। वेबिनार पीयू कुलपति प्रो. राजकुमार और यूआइएलएस चेयरपर्सन प्रो. राजेंद्र कौर की अगुआई में हुआ। पचास से अधिक प्रतिभागियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और अपने विचार रखे। विधि विभाग से जुड़े एक्सपर्ट ने क्राइम पीड़ितों के लिए न्याय और उनके समाधान को लेकर विचार रखे। शिक्षाविदों ने क्राइम से जुड़े पांच विभिन्न सत्र में रिसर्च पेपर भी पेश किए। इस वेबिनार में देश भर के विभिन्न राज्यों की लॉ यूनिवर्सिटी और कालेज के स्टूडेंट्स और शिक्षकों ने भी हिस्सा लिया।