500 भारतीय वेबसाइट हैक करने वाले दो कश्मीरी युवक पंजाब से गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने पंजाब से दो हैकरों को गिरफ्तार किया है। ये दाेनों युवक कश्मीर के हैं और यहां बीटेक व बीसीए की पढ़ाई कर रहे थे। वे 500 से अधिक भारतीय वेबसाइट हैक कर चुके थे।
जेएनएन, नई दिल्ली/चंडीगढ़। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने पाकिस्तान समर्थक दो कश्मीरी हैकरों को पंजाब के जालंधर व राजपुरा से गिरफ्तार किया है। दोनों भारत की करीब 500 वेबसाइट को हैक कर चुके हैैं। आरोपितों की पहचान शाहिद मल्ला और आदिल हुसैन तेली के रूप में हुई है। गिरफ्तार युवक छात्र हैैं और वेबसाइट हैक कर पाकिस्तान तथा कश्मीरी आतंकवाद के समर्थन में और भारत के विरोध में पोस्ट डालते थे।
जालंधर व राजपुरा से गिरफ्तार, पाकिस्तान में भारत विरोधी हैकरों के संपर्क में थे दोनों युवक
बताया जाता है कि वे पाकिस्तान में मौजूद भारत विरोधी हैकरों के संपर्क में भी थे। बारामुला निवासी शाहिद राजपुरा से बीटेक जबकि अनंतनाग का रहने वाला आदिल जालंधर के सेंट सोल्जर इंस्टीट्यूट से बीसीए की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस उनके संपर्क में रहने वालों की तलाश में जुट गई है।
बारामुला का शाहिद राजपुरा में बीटेक, अनंतनाग का आदिल जालंधर में बीसीए का छात्र
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के डिप्टी पुलिस कमिश्नर पीएस कुशवाहा ने बताया कि साइबर सेल को पाकिस्तान समर्थक दो कश्मीरी हैकरों के बारे में जानकारी मिली थी। यह भी पता चला था कि दोनों छात्र हैैं और वह पाकिस्तानी हैकरो के इशारे पर भारत विरोधी प्रचार कर रहे हैैं। इसकी जानकारी के बाद पुलिस की टीम ने 26 अप्रैल की रात पंजाब के राजपुरा (पटियाला) से शाहिद मल्ला जबकि जालंधर से आदिल हुसैन तेली को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में पता चला कि युवकों ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर भारत के खिलाफ 'टीम हैकर्स थर्ड आइ' के नाम से हैकिंग ग्रुप बना रखा है। दोनों इसके माध्यम से भारत विरोधी पोस्ट डालते थे। वे अब तक भारत की 500 से ज्यादा वेबसाइट को हैक कर चुके हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपित पाकिस्तान के ऐसे हैकरों के संपर्क में थे जो भारत विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हैैं।
पाक खुफिया विभाग के भी शामिल होने का शक, बना रखा है 'टीम हैकर्स थर्ड आइ' ग्रुप
शक है कि इनमें पाकिस्तानी खुफिया विभाग के लोग भी शामिल हो सकते हैं। आरोपित प्रमुख संस्थान अथवा जाने-माने लोगों की वेबसाइट हैक करते थे। आरोपितों का पाकिस्तान के प्रति रुझान है और वे कश्मीरी आंतकवाद के समर्थक हैैं।
लैपटॉप, फोन, डोंगल बरामद
पुलिस ने आरोपितों के पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, डोंगल और मेमोरी कार्ड इत्यादि बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को शुक्रवार शाम कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड में भेज दिया गया। पुलिस अब उनके साथियों का पता लगाने में जुट गई है।