Triple Murder in Manimajra : बंद मकान में मां और बेटा-बेटी की लाशें मिलने से इलाके में सनसनी
मृतक महिला का पति बुधवार को सड़क हादसे के बाद पीजीआइ चंडीगढ़ में भर्ती है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
मनीमाजरा, जेएनएन। चंडीगढ़ के मनीमाजरा में मॉडर्न कांप्लेक्स स्थित एक बंद मकान में बुधवार रात दो बजे महिला और उसके दो बच्चों का गला कटा शव मिलने से हड़कंप मच गया। तीनों की बेरहमी से हत्या कर आरोपित घर में ताला लगाकर फरार हो गए।
उधर मृतक महिला का पति बुधवार को सड़क हादसे के बाद पीजीआइ चंडीगढ़ में भर्ती है। बुधवार देर रात दो बजे पुलिस को सूचना मिली कि मॉडर्न कांप्लेक्स स्थित मकान नंबर 5012 में तीन लोगों की हत्या कर दी गई है। सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
डायरी से खुलासाः घर के मुखिया आर्थिक तंगी की वजह से किया कत्ल
इस बीच बताया जा रहा है कि घर के मुखिया संजय अरोड़ा ने आर्थिक तंगी की वजह से पत्नी, बेटी और बेटे की हत्या करने के बाद ट्रेन के सामने आकर सुसाइड करने की कोशिश की थी। इसका खुलासा जांच के दौरान बरामद संजय अरोड़ा की एक डायरी से हुआ है। पुलिस संजय के बयान दर्ज करने की कोशिश में हैं।मरने वाली महिला सरिता हरियाणा के कैथल स्थित गुहला चीका की रहने वाली थी। उसकी शादी पंचकूला निवासी संजय अराेड़ा से हुई थी।
मकान में लगा था ताला
आनन-फानन में मनीमाजरा पुलिस के आलाधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे तो मकान में ताला लगा था। पुलिस ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया तो पांव तले जमीन खिसक गई। अंदर 45 वर्षीय सरिता और उसके बेटे अर्जुन (16) व बेटी सेंसी (22) के शव पड़े थे। तीनों की बेरहमी से तेजधार हथियार से गला काटकर हत्या की गई थी।
अर्जुन 12वीं में पढ़ाई कर रहा था जबकि सेंसी लॉ की छात्रा थी। पुलिस ने आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि मकान नंबर 5012 में संजय अरोड़ा अपने परिवार के साथ रहते हैं और उनकी सेक्टर-9 पंचकूला में कृष्णा डेयरी नामक दुकान है। पड़ोसी कर्मवीर ने बताया कि बुधवार को उन्हें संजय अरोड़ा का पीजीआइ से फोन आया कि उनका एक्सीडेंट हो गया है और वह वहां भर्ती हैं।