डेढ़ महीने बाद पटरी पर लौटी ट्रेनें
डेढ़ महीने बाद मंगलवार को चंडीगढ़-अंबाला रेल रूट पर ट्रेनों की आवाजाही शुरू हो गई।
विकास शर्मा, चंडीगढ़ : डेढ़ महीने बाद मंगलवार को चंडीगढ़-अंबाला रेल रूट पर ट्रेनों की आवाजाही शुरू हो गई। पहले दिन कुल तीन ट्रेनों का आवागमन हुआ। ट्रेन यातायात शुरू होने के साथ ही ट्राईसिटी के लोगों का भी इंतजार खत्म हुआ। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से जाने वाली पहली ट्रेन ऊना -चंडीगढ़- नई दिल्ली जनशताब्दी रही। यह ट्रेन सुबह 7.30 बजे चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। इस ट्रेन से 85 यात्रियों ने अपने सफर की शुरूआत की। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर आने वाली पहली ट्रेन चंडीगढ़-लखनऊ सुपरफास्ट ट्रेन रही। इसमें 900 के करीब यात्री चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर उतरे। बुधवार से चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से जयपुर इंटरसिटी भी शुरू हो जाएगी। यह ट्रेन चंडीगढ़ से सप्ताह में तीन दिन चलेगी। वहीं ट्रेनें चलने से कुलियों के चेहरे पर खुशी दिखी। अमृतसर-चंडीगढ़ -बांद्रा एक्सप्रेस भी हुई शुरू
अमृतसर-चंडीगढ़ -बांद्रा एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्रियों को भी अब अंबाला जाने की जरूरत नहीं हैं। किसान आंदोलन के चलते रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन के रूट में बदलाव कर इसे अंबाला -बांद्रा के बीच चलाई जा रही थी। अब यह ट्रेन कालका ना जाकर अमृतसर के लिए चंडीगढ़ से रवाना होगी। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के अधीक्षक अनिल अग्रवाल ने बताया कि गाड़ी संख्या 02925 अमृतसर-बांद्रा वाया चंडीगढ़ होकर गई। यह ट्रेन चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से रोज दोपहर 12:15 बजे जाएगी। जबकि बांन्द्रा से चंडीगढ़ तकरीबन सुबह 10:30 बजे पहुंचेगी। यात्री बोले कोविड-19 सुरक्षा उपायों के साथ किया सफर
पंचकूला के रहने वाले घनश्याम पांडे ने बताया कि ट्रेन में सफर करने से पहले उन्हें काफी डर लग रहा थे, लेकिन सफर के दौरान उन्होंने देखा कि सभी यात्रियों ने मास्क पहना हुआ था, उनके पास अपना सेनीटाइजर था। वहीं शिवानी ने बताया कि ट्रेन में लोग शरीरिक दूरी बनाकर बैठे हुए थे, सब कोरोना संक्रमण के प्रति खासे जागरूक दिखे। जीआरपी के एसएसओ राजकुमार ने उन यात्रियों को मॉस्क बांटे, जिन्होंने मुंह में रूमाल व गमछा बांध रखा था। जयपुर इंटर सिटी भी आज से चलेगी
शहरवासियों के लिए एक और खुशखबरी है। बुधवार को जयपुर इंटर सिटी भी शुरू हो रही है। रेलवे बोर्ड की तरफ से जयपुर से दौलतपुर चौक के लिए यह ट्रेन सोमवार,बुधवार और शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन पहले चंडीगढ़ से जयपुर के लिए चलाई जाती थी। इसके रूट में रेलवे बोर्ड ने बदलाव किया है। अब यह ट्रेन हिमाचल के दौलतपुर तक जाएगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए स्टेशन अधिक्षक ने कहा कि गाड़ी संख्या 09717-18 हर रोज चलेगी। यह ट्रेन चंडीगढ़ से शाम 6:30 बजे से जयपुर के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन अंबाला होते हुए कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, रोहतक के रास्ते जयपुर जाएगी। कुलियों ने जताई खुशी
कुली एशोसिएशन के प्रधान सागर खान ने बताया कि रेल यातायात बाधित होने से उन्हें अपना घर चलाना मुश्किल हो रहा था। पहले लॉकडाउन और फिर किसान आंदोलन के चलते रेल यातायात बाधित रहा। अब लोग कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक है। ऐसे में रेलवे बोर्ड से गुजारिश है कि वह सभी ट्रेनों का संचालन शुरू कर दे, ताकि लोगों को आवाजाही में कोई दिक्कत न हो।