गंदगी से बचने के लिए लोगों ने लगाई मूर्तियां, बजरंग दल चंडीगढ़ ने उखाड़ी, कहा- नहीं सहेंगे देवी देवताओं का अपमान
चंडीगढ़ के लोगों ने घर के पास गंदगी न फैले इससे बचने के लिए घर की पीछे की दीवारों पर देवी देवताओं की मूर्तियां लगाई हैं। बजरंग दल चंडीगढ़ के सदस्यों ने इन मूर्तियों को हटाने की मुहिम शुरू कर दी है।
चंडीगढ़, जेएनएन। लोगों से अपने घर की दीवारों को बचाने के लिए कई ने देवी देवताओं की मूर्तियों का सहारा लिया है। ऐसे में इन मूर्तियों को हटाने का बीड़ा विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने उठाया है। विहिप बजरंग दल चंडीगढ़ ने रविवार को सेक्टर 19/27 की विभाजित सड़क पर रिहायशी मकानों की पिछली दीवारों पर लगी हिंदू देवी देवताओं के स्वरूप (तस्वीरें) निकाल ली। उन्होंने कहा कि यह देवी देवताओं का अपमान है।
सेक्टर-27डी के मकान नंबर 3261 से 3264 और सेक्टर-19 सी के मकान नंबर 2452 से 2463 तक मकानों के पीछे लगे देवी-देवताओं के स्वरूप को निकाला गया और उनको घग्गर में जल प्रवाह किया गया। इन घरों में रहने वाले लोगों ने बताया कि उन्होंने यह मूर्तियां इसलिए लगवाई हैं क्योंकि यहां पर लोग पेशाब एवं गंदगी फैलाते हैं। इससे यहां से दुर्गंध आती रहती है।
सेक्टर 19 की मार्केट के व्यापारियों ने बताया की भगवान की प्रतिमाएं लगने के बाबजूद भी लोग यहां पर पेशाब करते हैं। जिस कारण चंडीगढ़ बजरंग दल और शिवसेना ( बाल ठाकरे) ने यह सामूहिक मुहिम चलाई और भविष्य में भी अगर चंडीगढ़ में किसी भी स्थान पर ऐसा कुछ मिलता है, तो ऐसा ही अभियान चलाया जाएगा और आमजन से भी यह आग्रह है कि ऐसे स्थानों पर धार्मिक प्रतिमाएं लगाकर अपने देवी देवताओं का अपमान न करें।
इस मुहिम में मुख्य रूप से सुरेश राणा, परमजीत, नरेंद्र बंसल, दविंदर सिद्धू, अरविंद मोर्य, अनुज कुमार सहगल, अंकुश गुप्ता, अनिल पहुजा, विजय, विकास, सुशील पांडे, दीपक शर्मा, विष्णु, गोबिंद, हरीश, अंकित, दीपक, विकास गुगनानी एवं अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी अनुज कुमार सहगल का कहना है कि देवी देवताओं का अपमान नहीं करना चाहिए। आगे भी जिन जिन दीवारों पर मूर्तियां लगी होगी उन्हें हटाया जाएगा।