चंडीगढ़ के तीन हजार स्टूडेंट्स को मिलेगी स्कॉलरशिप, सीधा बैंक अकाउंट में आएगी राशि
वर्ष 2019 तक शहर से स्कॉलरशिप पाने वाले स्टूडेंट्स की संख्या आठ हजार थी। वर्ष 2020 में आनलाइन हुई एडमिशन में स्कालरशिप पाने वाले स्टूडेंट्स की संख्या तीन हजार बढ़कर 11 हजार हो गई थी। इसके चलते नए स्टूडेंट्स की वेरिफिकेशन होनी बाकी थी।
सुमेश ठाकुर, चंडीगढ़। चंडीगढ़ के तीन हजार स्टूडेंट्स के लिए यह राहत की खबर है। क्योंकि स्टूडेंट्स को स्कॉलरशिप जल्द मिलने वाली है। यह छात्रवृति एक साल की नहीं बल्कि दो साल की एक साथ मिलेगी। दो साल से रुकी स्कॉलरशिप अब लाभार्थी छात्रों को मिलेगी। हालांकि यह स्कॉरलशिप रिजर्व कैटेगरी के स्टूडेंट्स के लिए है। दो साल से एससी, एसटी और ओबीसी स्कॉलरशिप का इंतजार कर रहे स्टूडेंट्स जल्द ही स्कालरशिप राशि मिलेगी।
शहर के विभिन्न कालेजों में तीन हजार के करीब स्टूडेंट्स ऐसे हैं जो कि रिजर्व कैटेगरी के हैं, लेकिन किन्हीं कारणों से उन्हें वर्ष 2020-2021 और 2022 की स्कालरशिप नहीं मिली थी, लेकिन उन्हें यह राशि अप्रैल तक जारी हो जाएगी। केंद्रीय समाजिकता अधिकारिता मंत्रालय की तरफ से फरवरी में स्कॉलरशिप की राशि जारी होगी, जिसके बाद वह स्टूडेंट्स के बैंक अकाउंट में शिक्षा विभाग से जारी होगी।
पढ़ाई के लिए मासिक के साथ वार्षिक स्कॉलरशिप की है योजना
एसटी, एससी और ओबीसी रिजर्व कैटेगरी के स्टूडेंट्स को उनकी पढ़ाई पूरी करने के लिए भारत सरकार की तरफ से स्कॉलरशिप दी जाती है। यह स्कालरशिप स्टूडेंट्स के बैंक खातों में मासिक, वार्षिक स्तर पर जारी होती है। भारत सरकार की तरफ से प्री मैट्रिक, पोस्ट मैट्रिक सहित अटेंडेंस स्कालरशिप दी जाती है। यह स्कालरशिप राशि नौवीं कक्षा से उच्च शिक्षा तक पढ़ाई कर रहे रिजर्व कैटेगरी के स्टूडेंट्स को मिलती है।
बाहरी स्टूडेंट्स के कारण रुकी थी स्कालरशिप
वर्ष 2019 तक शहर से स्कॉलरशिप पाने वाले स्टूडेंट्स की संख्या आठ हजार थी। वर्ष 2020 में आनलाइन हुई एडमिशन में स्कालरशिप पाने वाले स्टूडेंट्स की संख्या तीन हजार बढ़कर 11 हजार हो गई थी। इसके चलते नए स्टूडेंट्स की वेरिफिकेशन होनी बाकी थी। वेरिफिकेशन के बाद उच्च शिक्षा विभाग चंडीगढ़ ने फंड की मांग की है, जिसमें समाजिक अधिकारिता मंत्रालय की तरफ से साढ़े चार करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है।