छठ पर्व पर इस बार नहीं चलेगी चंडीगढ़ से यूपी-बिहार के लिए काेई स्पेशल ट्रेन
पंजाब में किसानों का आंदोलन के कारण इस बाद छठ पर्व पर घर जाने वालों के लिए निराशा लेकर आया है। आंदोलन के कारण लांग रूट की ट्रेनें बंद हैं। ऐसे में चंडीगढ़ से यूपी-बिहार के लिए कोई स्पेशल ट्रेन नहीं चलेगी।
चंडीगढ़ [विशाल पाठक]। पूर्वांचल का महापर्व छठ इस बार 20 व 21 नवंबर को मनाया जाएगा। हर साल पूर्वांचल के लाखों लोग महापर्व छठ पर अपने मूल निवास उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए चंडीगढ़ से रवाना होते थे, लेकिन इस बार पंजाब में किसानों के अंदोलन की वजह से चंडीगढ़ से यूपी और बिहार की लॉग रूट की सभी ट्रेन रद हैं।
महापर्व छठ पर चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से इस बार पूर्वांचल के लोगों के लिए कोई स्पेशल ट्रेन चल पाना मुश्किल है, लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशी शंकर तिवारी की ओर से डीआरएम अंबाला और चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन अधीक्षक को पत्र लिखकर महापर्व छठ पर चंडीगढ़ से एक स्पेशल ट्रेन भेजने की गुजारिश की है।
महापर्व छठ मनाने के लिए पूर्वांचल के लोग बस से कर रहे सफर
चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली के कई इलाकों से प्राइवेट बस ऑपरेटर उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए स्पेशल बसें चला रहे हैं, ताकि पूर्वांचल के लोग महापर्व छठ पर अपने घर पहुंच सके। चंडीगढ़ के विकासनगर, मौलीजागरां, इंडस्ट्रियल एरिया और सेक्टर-56 से यूपी और बिहार के लिए प्राइवेट बसें जा रही हैं, जबकि मोहाली के जगतपुरा और पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया से प्रावइेट बसें जा रही हैं। प्राइवेट बस ऑपरेटर एक सीट का किराया एक हजार से 1500 रुपये वसूल रहे हैं।
कालका-नई दिल्ली शताब्दी और चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें 14 तक रद
पंजाब में किसानों के अंदोलन के चलते चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से कई ट्रेने रद रहेंगी। 14 नवंबर तक चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से कालका से नई दिल्ली शताब्दी और चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन का रद कर दिया है। ट्रेन नंबर-22440 कटरा-नई दिल्ली शताब्दी को 14 नवंबर तक रद कर दिया है। ट्रेन नंबर-02011 नई दिल्ली-कालका शताब्दी 13 अक्टूबर तक रद रहेगी। ट्रेन नंबर-02012 कालका-नई दिल्ली शताब्दी 13 नंवबर तक रद रहेगी। ट्रेन नंबर-02231 लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेेस को 13 अक्टूबर तक, ट्रेन नंबर-02232 चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस को 14 नवंबर तक रद कर दिया है।