चंडीगढ़ में नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू, अब तक तय नहीं कौन होगा भाजपा का कैंडिडेट
कोई भी प्रत्याशी सुबह 11 से दोपहर 3 बजे के बीच रिटर्निग आफिसर को अपना नामांकन दे सकता है। चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर 19 मई को मतदान होगा। जबकि 23 मई को नतीजे आएंगे।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर 22 अप्रैल यानी सोमवार से नामांकन भरने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 29 अप्रैल तक चुनाव लड़ने के लिए नामांकन भरा जाएगा। किसी भी राजनीतिक दल का प्रत्याशी 22 से 29 अप्रैल के बीच अपना नामांकन भर सकता है। ध्यान रहे कि सरकारी छुट्टी वाले दिन नामांकन नहीं हो सकेगा। चंडीगढ़ प्रशासन के इलेक्शन डिपार्टमेंट ने नामांकन भरने के लिए समय भी निर्धारित किया है। इन दिनों कोई भी प्रत्याशी सुबह 11 से दोपहर 3 बजे के बीच रिटर्निग आफिसर को अपना नामांकन दे सकता है। चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर 19 मई को मतदान होगा। जबकि 23 मई को नतीजे आएंगे।
चंडीगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है लेकिन इस भाजपा अब तक अपने उम्मीदवार के नाम पर मुहर नहीं लगा पाई है।
2 मई तक वापस ले सकते हैं नाम
डीसी मनदीप सिंह बराड़ ने बताया कि 2 मई तक प्रत्याशी चाहे तो अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। 30 अप्रैल तक नॉमिनेशन की स्क्रूटनी की जाएगी। नामांकन भरते समय कैंडिडेट को सिक्योरिटी अमाउंट जमा करानी होगी। जनरल कैटेगरी के कैंडिडेट को 25 हजार रुपये और रिजर्व कैंडिडेट को 12,500 रुपये जमा कराने होंगे। इसके अलावा प्रत्याशी को 26 नंबर फार्म भरकर अपनी संपत्ति का एफिडेविट देना होगा। नामांकन दाखिल करने के लिए फार्म नंबर-2ए भरना होगा। साथ ही कैंडिडेट को अपने दो फोटो जमा कराने होंगे ताकि उसका नाम, तस्वीर वोटिंग मशीन पर उपलब्ध हो।
कांग्रेस व आप ने घोषित किए प्रत्याशी
आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने चंडीगढ़ से पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल को प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं, आम आदमी पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन को अपना उम्मीदवार बनाया है। दूसरी ओर कांग्रेस और आप कैंडिडेट आगामी चुनाव को लेकर शहर में जोर-शोर से अपने प्रचार में जुटे हैं।
गुटबाजी में उलझी भाजपा
बड़ी बात यह है कि चंडीगढ़ लोकसभा सीट से अब तक भाजपा अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं कर पाई है। भाजपा की ओर से लोकसभा टिकट के लिए अब तक तीन नाम सामने आए हैं। इनमें प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन, मौजूदा सांसद किरण खेर और पूर्व सांसद सत्यपाल जैन का नाम है। इनके अलावा भी भाजपा की ओर से चंडीगढ़ सीट पर उम्मीदवार उतारने के लिए कई नाम चर्चा में हैं। इनमें भाजपा की सीनियर लीडर सुषमा स्वराज, अभिनेता सनी देओल के नाम शामिल हैं। चंडीगढ़ से भाजपा के उम्मीदवार की अब तक घोषणा न हो पाने का सबसे मुख्य कारण है पार्टी की गुटबाजी। भाजपा चंडीगढ़ इकाई में इस समय तीन गुट हैं। एक गुट प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन, दूसरा गुट सांसद किरण खेर और तीसरा गुट पूर्व सांसद सत्यपाल जैन का है। तीनों ही गुट के समर्थक अपने-अपने नेता के लिए लोकसभा सीट के लिए जोर-आजमाइश कर रहे हैं।