Plastic Waste से तैयार टाइल्स से संवारे जाएंगे घर, वजन में हल्की मजबूती भरपूर
पंजाब के रूपनगर जिले में स्थित रयात बाहरा यूनिवर्सिटी के मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्रों की तरफ से प्लास्टिक वेस्ट से तैयार की गईं टाइल्स जागरण।
जागरण संवाददाता, रूपनगर। प्लास्टिक वेस्ट वर्तमान में दुनियाभर में एक बड़ी समस्या बना हुआ है। दुनियाभर के वैज्ञानिक और शोधकर्ता इससे निपटने के रास्ते तलाश रहे हैं। इस कड़ी में पंजाब की रयात बाहरा यूनिवर्सिटी के मैकेनिकल इंजीनियरिंग के चार छात्रों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। उन्होंने प्लास्टिक वेस्ट से ऐसी टाइल्स तैयार की हैं, जो 110 डिग्री सेल्सियस के तापमान को झेल सकती हैं। साथ ही इनकी भार वहन की क्षमता 3.5 टन है।
रयात बाहरा यूनिवर्सिटी के छात्र साहिल, ऋत्विक, शुभम और विकास ने यूनिवर्सिटी को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने के उद्देश्य से प्लास्टिक कूड़ा इकट्ठा किया। इसके बाद टाइल्स बनाने पर काम शुरू किया। प्लास्टिक वेस्ट से टाइलें बनाने का विचार उनके प्रोजेक्ट गाइड और विभाग के प्रमुख इंजीनियर अभिनव ए त्रिपाठी से मिला।
छात्रों का कहना है कि ये टाइल्स एंटीबैक्टीरियल और एंटीमाइक्रोबायल हैं। टाइल की भार वहन क्षमता 3.5 टन है। यह 110 डिग्री सेल्सियस तक तापमान भी झेल लेगी। टाइल को दो दिन तक पानी में रखने पर भी इसके आकार या भार में कोई परिवर्तन नहीं होता। इन टाइल्स को खराब होने पर दोबारा निर्माण के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। ये टाइल्स सीमेंट वाली फर्श टाइल्स की तुलना में सस्ती पड़ेंगी। इनके निर्माण के लिए सिर्फ प्लास्टिक वेस्ट, जिसमें शैंपू की प्लास्टिक बोतलें, दूध की थैलियां, टूटे कप, नान कारबोनेटड पीने की बोतलों का प्रयोग ही किया गया है।
चार से पांच रुपये है एक टाइल पर खर्च
छात्र साहिल का कहना है कि वेस्ट प्लास्टिक को ओपन हर्थ फरेंस में 200 से 250 डिग्री सेल्सियस पर गर्म कर टाइल्स बनाई जा रही हैं। फरेंस में स्टीम कोल का इस्तेमाल ईंधन के रूप में किया जा रहा है। एक किलो कोल जलाने से चार से पांच टाइल्स बन जाती हैं। स्टीम कोल 20 रुपये किलो में मिल जाता है। ऐसे में एक टाइल पर कुल चार से पांच रुपये खर्च आता है। मार्केट में सामान्य टाइल 10 से 15 रुपये में मिलती हैं।
वजन में हल्की मजबूती भरपूर
एक प्लास्टिक टाइल का वजन 700 ग्राम है, जबकि सामान्य टाइल का वजन डेढ़ किलो से ढाई किलोग्राम तक होता है। हालांकि, इनकी मजबूती सामान्य टाइल्स जितनी ही होगी।