इंडियन साइकिल फॉर चेंज चैलेंज के तहत शहर में तैयार होगा साइकिल के लिए माहौल
लोगों को अवेयर करने के लिए स्मार्ट सिटी कंपनी शहर में एक मुहिम चलाएगी।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : शहर में साइकिल के प्रति माहौल तैयार करने और लोगों को अवेयर करने के लिए स्मार्ट सिटी कंपनी शहर में एक मुहिम चलाएगी। जिसके लिए रणनीति तैयार करने के लिए स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने शुक्रवार को बैठक बुलाई है, जिसमें शहर के प्रमुख साइकिल क्लब, ट्रैफिक पुलिस और आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों को बुलाया गया है। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत इंडिया साइकिल चेंज चैलेंज अभियान के तहत चंडीगढ़ का भी चयन केंद्र सरकार के हाउसिग एंड अर्बन अफेयर्स मंत्रालय ने किया है। पूरे देश से 95 शहरों ने इसके लिए रजिस्टर्ड किया है। जिसका पहले फेज का परिणाम केंद्र सरकार की ओर से इसी साल के अंत में कर दिया जाएगा। कमिश्नर केके यादव एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ केके यादव का कहना है कि इस चैलेंज के तहत शहर को साइकिल फ्रेंडली बनाया जाएगा। जिसमें लोगों के सुझाव भी मांगे जाएंगे। शहर में साइकिल को प्रमोट करने के आए अच्छे सुझावों को लागू भी किया जाएगा। इस अभियान को कामयाब करने के लिए शहर में एक सर्वे भी करवाया जाएगा। साइकिल प्रमोट होने के बाद फिर से सर्वे करवाया जाएगा। इस चैलेंज के तहत शहर में 100 ई-साइकिलें भी चलाई जाएगी। मालूम हो कि इस समय कोरोना काल में वैसे भी शहर में साइकिल चलाने की संख्या बढ़ गई है। साइकिल का कारोबार बढ़ गया है। इसलिए इस चैलेंज के तहत चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी केंद्र सरकार की प्रतियोगिता में बाजी मार सकता है। प्रतियोगिता जीतने वाली स्मार्ट सिटी को एक करोड़ रुपये का इनाम भी मिलेगा। मालूम हो कि स्मार्ट सिटी पहले से साइकिल बाइक शेयरिग प्रोजेक्ट को पास कर चुका है, जिसके तहत पांच हजार साइकिलें चलनी हैं। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के अनुसार कोरोना के कारण यह प्रोजेक्ट अब तक शुरू नहीं हुआ है। अगले साल अप्रैल तक 1250 साइकिलें इस प्रोजेक्ट के तहत शुरू हो जाएंगी। जिसके तहत 650 डार्क स्पॉट बनाए जाएंगे। बाईसाइकिल को पैडल मारो और अपने स्वास्थ्य को अच्छा करो
एमसी कमिश्नर केके यादव का कहना है कि इस चैलेंज के तहत होने वाले कार्यक्रमों का विषय बाईसाइकिल को पैडल मारो और अपने स्वास्थ्य को अच्छा करो है। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने स्मार्ट सिटी की पांचवीं वर्षगांठ में इंडियन साइकिल फॉर चेंज चैलेंज की घोषणा की है। इस चैलेंज के तहत दो स्टेज हैं। पहले स्टेज की शुरुआत अक्तूबर माह में होगी। जिसके तहत शहर में सर्वे और पब्लिक में अभियान छेड़ा जाएगा। अक्तूबर माह में दूसरे स्टेज के लिए केंद्र सरकार की ओर से 11 शहरों को चुना जाएगा। दूसरा स्टेज मई 2021 तक चलेगा। इस चैलेंज के तहत शहर में आनलाइन वर्कशॉप भी भाग लेने वाले शहरों में होंगी। कमिश्नर ने बताया कि चंडीगढ़ पहले से एक वर्कशॉप में भाग ले चुका है।