आज से 57 पेड पार्किंग चलाएगी कंपनी, 90 दिन के बाद महंगी होगी फीस Chandigarh news
कंपनी शुक्रवार से कब्जा लेकर पार्किंग चलाना शुरू कर देगी जबकि जोन-1 की 32 पार्किंगों को चलाने का टेंडर राम सुंदर कंपनी ने लिया है।
चंडीगढ़, जेएनएन। नगर निगम ने शहर की 89 पेड पार्किंगों का टेंडर दो अलग-अलग जोन में अलॉट कर दिया है। जोन-2 के तहत आने वाली 57 पेड पार्किंग का टेंडर पाश्चात्य इंटरटेनमेंट कंपनी ने लिया है यह कंपनी शुक्रवार से कब्जा लेकर पार्किंग चलाना शुरू कर देगी जबकि जोन-1 की 32 पार्किंगों को चलाने का टेंडर राम सुंदर कंपनी ने लिया है।यह कंपनी एक फरवरी को कब्जा लेकर पार्किंग चलाएगी। मालूम हो कि अभी तक पेड पार्किंग नगर निगम के कर्मचारी खुद चला रहे थे।ऐसे में अब कई नई पार्किंग भी पेड हो जाएगी।
अभी कंपनियों की ओर से पुराने रेट ही चार्ज किए जाएंगे जबकि 90 दिन बाद पार्किंग के रेट बढ़ जाएंगे। यह तीन माह का समय टेंडर लेने वाली कंपनियों को पार्किंग में स्मार्ट फीचर लगाने को दिए गए हैं। नगर निगम ने जोन-1 की 32 पार्किंग श्याम सुदंर सिंह कंपनी को अलॉट किया है।
इस कंपनी ने 5 करोड़ एक लाख रुपये में टेंडर लिया है। इस जोन के तहत नगर निगम ने दो करोड़ 12 लाख रुपये का रिजर्व प्राइस तय किया था। जोन-2 के तहत 57 पेड पार्किंग का रिजर्व प्राइस 2.35 करोड़ रुपये तय किया था लेकिन इसके लिए सबसे ज्यादा बिड 5.51 करोड़ रुपये की आई है।ऐसे में इसका टेंडर पाश्चात्य इंटरटेनमेंट को अलॉट किया गया है। ऐसे में शहर की 89 पेड पार्किंग से नगर निगम को हर साल 10 करोड़ 52 लाख रुपये की कमाई होगी।जब से आर्य इंफ्रा कंपनी से शहर की पेड पार्किंगों का कब्जा लिया है तब से एमसी ही शहर की पार्किंग चला रहा है।
90 दिन के बाद शुरुआत के चार घंटे के लिए पांच और दस रुपये होंगे चार्ज
ऐसे में 90 दिन बाद शुरुआत के चार घंटे तक दोपहिया वाहन चालक से पांच और कार चालक से 10 रुपये चार्ज किए जाएंगे। जबकि चार घंटे के बाद रेट दोगुने और 12 घंटे बाद रेट पहले स्लैब के मुकाबले में चार गुना हो जाएंगे। इसके साथ ही सदन ने यह भी निर्णय लिया हुआ है कि हर साल बीस प्रतिशत रेट में इजाफा होगा। जब तक पार्किंगें स्मार्ट नहीं बन जाती तब तक रेट नहीं बढ़ाएं जाएंगे तब तक पूरे दिन के दोपहिया वाहन चालक से 5 और चार पहिया वाहन चालक से 10 रुपये ही चार्ज किए जाएंगे। शुरुआत के 10 मिनट तक पेड पार्किंग में आने और जाने के लिए कोई भी शुल्क चार्ज नहीं लगेगा।