पंजाब में इप्टा की नींव रखने वाले तेरा सिंह चन्न को रूबरू सेशन में किया गया याद
तेरा सिंह चन्न ने 1950 में गायिका सुरिंदर कौर जगदीश फरियादी निरंजन सिंह मान हरनाम सिंह जोगिंदर के सहयोग के साथ पंजाब में इप्टा की नींव रखी।
चंडीगढ़, जेएनएन। पंजाब इप्टा द्वारा एक रूबरू सेशन का आयोजन हुआ। जिसमें इप्टा, पंजाब चैप्टर के प्रमुख सदस्य स्वर्गीय तेरा सिंह चन्न से जुड़ी बातों को साझा किया गया। इस दौरान पंजाब की कई हस्तियां शामिल हुईं। जिन्होंने तेरा सिंह और उनके साहित्य से जुड़ी चर्चा की।
रंगकर्मी दविंदर चन्न ने तेरा सिंह चन्न के बारे में कहा कि तेरा सिंह ने 1950 में गायिका सुरिंदर कौर, जगदीश फरियादी, निरंजन सिंह मान, हरनाम सिंह, जोगिंदर के सहयोग के साथ पंजाब में इप्टा की नींव रखी। उन्होंने रंगमंच को पंजाब के गांव-गांव तक ले जाने में मदद की। इस दौरान उन्होंने कुछ प्रमुख प्रस्तुतियां भी पेश की, जिसमें अमर पंजाब, साजिश, नील दी शहजादी जैसे नाटक प्रमुख रहे। उन्होंने न केवल पंजाब बल्कि देश के विभिन्न राज्यों में भी इनकी प्रस्तुति दी। इसके बाद डॉक्टर लाभ सिंह ने तेरा सिंह के साहित्य में योगदान पर अपने विचार पेश किए। उन्होंने कहा कि इप्टा के अलावा तेरा सिंह पंजाबी लेखक सभा चंडीगढ़ के सेक्रेटरी भी रहे इसके अलावा उन्होंने कई कविताएं भी लिखी हैं।
इसके बाद नाटककार संजीवन सिंह ने भी तेरा सिंह से जुड़े अपने विचार प्रस्तुत किए, उन्होंने तेरा सिंह के जीवन से जुड़ी कई घटनाओं को साझा किया। साथ ही बताया कि किस तरह से उन्हें तेरा सिंह नाम मिला। उन्होंने कहा की तेरा सिंह के माता-पिता के घर जो भी सन्तान पैदा होती तो वो गुजर जाती, मगर तेरा सिंह के स्वस्थ पैदा होने पर उनके घरवालों ने इसे गुरु की महिमा बताया और उन्होंने गुरु को ही इन्हें समर्पित करते हुए इनका नाम तेरा रखा। सेशन में इसके बाद इप्टा के राष्ट्रीय जनरल सेक्रेटरी राकेश वेदा, पंजाबी विद्वान डॉक्टर रघुवीर सिंह शायर, गुरनाम कंवर, इप्टा चंडीगढ़ के प्रधान बलकार सिद्धू और लेखक मनमोहन सिंह भी शामिल हुए।