चंडीगढ़ के कॉलेजों में तीज की धूम, महिला प्रोफेसर्स ने किया डांस, छात्राओं ने फूलों से सजाए झूले
पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज (पीजीजीसी) सेक्टर-46 के पंजाबी विभाग और ललित कला विभाग ने हरियाली तीज का त्योहार उत्साह के साथ मनाया। कॉलेज की महिला प्रोफेसर्स के साथ छात्राओं ने झूले डाले जिन्हें फूलों से सजाया गया था।
जागरण संवादाता, चंडीगढ़। पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज (पीजीजीसी) सेक्टर-46 के पंजाबी विभाग और ललित कला विभाग ने हरियाली तीज का त्योहार उत्साह के साथ मनाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कॉलेज प्रिंसिपल प्रो. आभा सुदर्शन थीं। प्रो. सुदर्शन ने ऐसे विरासती उत्सवों के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला जो हमारी आत्मा को समृद्ध करने और जीवन को पुनर्जीवित करने के लिए आवश्यक हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के पारंपरिक त्योहार समृद्धि और खुशियों के अग्रदूत होते हैं। इस मौके पर महिलाओं की आजादी, आकांक्षाओं और सपनों के प्रतीक एक झूले को मौसमी फूलों से सजाया गया। छात्रों और शिक्षण और गैर शिक्षण स्टाफ के सदस्यों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने पंजाबी लोक संगीत की धुन पर नृत्य किया। मेहंदी, नेल आर्ट, पंजाबी खाना खीर-पुडे इस दिन की खास बातें रहीं। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए प्राचार्य ने शिक्षकों और छात्रों को बधाई दी। इस कार्यक्रम का आयोजन प्रोफेसर राजिंदर सिंह ने अपनी टीम के सदस्यों डॉ. राजिंदर सिंह कौर, डॉ. बलजीत सिंह और अरविंदर कौर के साथ किया था।
प्रिंसिपल सुदर्शन ने कॉलेज के सभी स्टाफ सदस्यों को तीज और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह दोनों दिन बहुत खास है। 15 अगस्त को देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजादी मिली थी। इसमें कई लोगों ने अपने प्राण न्यौछावर किए थे। हमें इस आजादी के मोल को पहचानना चाहिए। उन्होंने स्टूडेंट्स से जात-पात, धर्म से उपर उठ कर देश के बारे में सोचने के लिए उन्हें जागरूक किया। वहीं तीज की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि सावन में तीज पर्व का बहुत महत्व है। उन्होंने स्टाफ सदस्यों को इस पर्व को खुशी के मानाने के लिए प्रेरित किया। पंजाबी विभाग की ओर से कार्यक्रम के आयोजन पर प्रिंसिपल ने उन्हें बधाई दी।