चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम में पढ़ेंगे बच्चे, लगेंगे डिजिटल ब्लैकबोर्ड और हाईटेक कैमरे
चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम बन रहे हैं। ऐसे में बच्चे अब स्मार्ट क्लासरूम में बैठकर पढाई करेंगे। यह क्लासरूम स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत तैयार किए जा रहे हैं। इन स्मार्ट क्लासरूम में डिजिटल ब्लैकबोर्ड इंस्टाल होंगे।
सुमेश ठाकुर, चंडीगढ़। चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों में अब स्मार्ट क्लासरूम में पढ़ाई होगी। स्कूल शिक्षा को आधुनिक और स्मार्ट बनाने की दिशा में स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम तैयार किए जा रहे हैं। शुरुआती तौर पर शहर के स्कूलों में 90 स्मार्ट क्लासरूम अप्रैल 2022 में बनकर उनमें पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
स्मार्ट एजुकेशन के लिए डिजिटल क्लासरूम का निर्माण कार्य जोरों से चल रहा है और जनवरी 2022 में स्कूलों में स्मार्ट फर्नीचर इंस्टाल होने के साथ डिजिटल ब्लैकबोर्ड लगेंगे। फर्नीचर के लिए स्मार्ट सिटी डिपार्टमेंट ने जेम पोर्टल के जरिये सामान का आर्डर दिया है जो कि जनवरी 2022 तक शहर के स्कूलों में इंस्टाल हो जाएगा। विभागीय जानकारों की मानें तो सामान को मंगवाने के बाद इंस्टाल करने में दस से 15 दिन का समय लगेगा।
चार स्कूलों के 90 कमरों को बनाया जा रहा स्मार्ट क्लासरूम
शहर में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शुरुआत में शहर के चार स्कूलों को चुना गया है। इन चार स्कूलों में सेक्टर-22 के दो स्कूल, सेक्टर-35 और सेक्टर-43 के एक एक सरकार स्कूल के कुल 90 क्लासरूम को स्मार्ट क्लास बनाने का प्रोजेक्ट चल रहा है। स्मार्ट क्लासरूम में स्टूडेंट्स की पढ़ाई डिजिटल कैमरा से होगी इसके साथ ही क्लास की हर एक्टीविटी को कैप्चर करने के लिए स्मार्ट कैमरा, स्टूडेंट्स को बैठने के लिए स्मार्ट बैंच की सुविधा होगी। अध्यापक क्लासरूम में स्टूडेंट्स को जो पढ़ाई कराएगा वह स्टूडेंट्स को डिजिटल ब्लैक बोर्ड पर दिखाई देगी।
ट्रायल स्तर पर तैयार किए जा रहे स्मार्ट क्लासरूम
शहर के चार स्कूलों में तैयार किए जा रहे स्मार्ट क्लासरूम ट्रायल के तौर पर बनाए जा रहे हैं। यदि यह प्रोजेक्ट सक्सेस रहा तो शहर के दूसरों स्कूलों में भी स्मार्ट क्लासरूम तैयार किए जाएंगे। शहर के 114 सरकारी स्कूल में जिसमें इस समय एक लाख 60 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स पढ़ाई कर रहे हैं। ट्रायल स्तर पर चार स्कूल के चुनिंदा कमरों को स्मार्ट क्लास रूम बनाया जा रहा है।
----
"कोरोना के चलते स्मार्ट क्लासरूम बनाने में थोड़ी देरी जरूर हुई है। जो भी इंफ्रास्ट्रचर स्कूलों में इंस्टाल होना है उसका आर्डर जेम पोर्टल पर जारी हो चुका है। सामान आते ही क्लासरूम को शुरू किया जा सकता है।
-एनपी शर्मा, डायरेक्टर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट