बारिश से आसमान हुआ साफ, तापमान में पांच डिग्री गिरावट
कई दिन के बाद हुई बारिश की वजह से वीरवार को मौसम ठंडा हो गया।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : कई दिन के बाद हुई बारिश की वजह से वीरवार को मौसम ठंडा हो गया। बारिश की वजह से आसमान भी साफ हो गया है। इससे पहले धूल की चादर ने आसमान को घेरा हुआ था। वीरवार तड़के हुई बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, पॉल्यूशन लेवल भी कम हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो अभी शुक्रवार को भी शहर में हल्की बारिश हो सकती है। वीरवार को शहर का अधिकतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया जोकि सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। लेकिन बीते बुधवार के मुकाबले तापमान में सात डिग्री गिरावट दर्ज की गई है। एयरपोर्ट एरिया में सात एमएम से ज्यादा बारिश
वीरवार सुबह जब लोग नींद से जागे तो बाहर बारिश हो रही थी। सुबह तड़के शुरू हुई बारिश दोपहर एक बजे तक हल्की-हल्की होती रही। शहर में कुल 9.9 एमएम बारिश दर्ज की गई तो वहीं एयरपोर्ट एरिया मे 7.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश की वजह से मौसम भी सुहाना हो गया। इस वजह से लोगों को ठंड होने का भी अहसास हुआ। लोग इस मौसम का आनंद सुखना लेक और शहर के पार्को में लेते हुए दिखाए दिए। हांलाकि दोपहर तक चलती रही इस बारिश से सड़कों पर चलने में समस्या भी आई। लोगों को कईं जगह ट्रैफिक जाम का भी सामना करना पड़ा। पॉल्यूशन लेवल कम होकर 84 पहुंचा
दिन में हुई बारिश का एक असर शहर के पॉल्यूशन लेवल पर भी देखने को मिला। बारिश होने के चलते हवा में मौजूद धूल के कण नीचे बैठ गए। इस वजह से एक्यूआइ (एयर क्वालिटी इंडेक्स) कम होकर 84 रह गया। वहीं, कुछ दिन पहले तक यह 350 के करीब पहुंच गया था। इस वजह से लोगों को गले में खरांस और आंखों में जलन जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा था। आने वाले दिनों का मौसम
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाने के साथ शहर में हल्की बारिश सकती है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, शनिवार और रविवार सुबह और शाम हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। इसक बाद 12 नवंबर को फिर से हल्की बारिश के आसार हैं।