Move to Jagran APP

येचुरी की केजरीवाल को सलाह, भाजपा विरोधी साझा मोर्चे में हों शामिल

सीपीआइ (एम) के वरिष्ठ नेता सीताराम येचुरी ने कहा कि हम चाहते हैं केजरीवाल भी साझा मोर्चे का हिस्सा बनें और साझा तौर पर चुनाव लड़ें।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Wed, 01 Aug 2018 01:12 PM (IST)Updated: Wed, 01 Aug 2018 09:12 PM (IST)
येचुरी की केजरीवाल को सलाह, भाजपा विरोधी साझा मोर्चे में हों शामिल
येचुरी की केजरीवाल को सलाह, भाजपा विरोधी साझा मोर्चे में हों शामिल

चंडीगढ़ [निर्मल सिंह मानशाहिया]। भाजपा के खिलाफ 2019 में बनने वाले संभावित साझा मोर्चे में दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को शामिल करने की कवायद शुरू हो गई है। जागरण से विशेष बातचीत में सीपीआइ (एम) के वरिष्ठ नेता सीताराम येचुरी ने कहा, 'हम चाहते हैं केजरीवाल भी साझा मोर्चे का हिस्सा बनें और साझा तौर पर चुनाव लड़ें। समान विचारों वाली पार्टियों के नेताओं के साथ केजरीवाल की बातचीत चल रही है। कांग्रेस के साथ भी उनके समझौते के आसार हैं। हमें सभी को भाजपा का एकजुट हो कर विरोध करना होगा।'

loksabha election banner

उन्होंने कहा, 'इस समय देश को नेता नहीं बल्कि नीति की जरूरत है। देश की जनता की हालत इतनी बुरी कभी भी नहीं थी, जितनी भाजपा के पिछले चार साल के कार्यकाल में हुई है। गरीब और गरीब हो रहा और अमीर और अमीर। लोगों का आर्थिक और मानसिक शोषण किया जा रहा है। देश की 73 फीसद संपत्ति पर 1 फीसद लोगों का कब्जा है। भाजपा के खिलाफ सभी को एकजुट हो कर जन आंदोलन छेडऩा पड़ेगा।'

येचुरी यहां माकपा नेता स्व. हरकिशन सिंह सुरजीत की बरसी पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। सुरजीत के योगदान को याद करते हुए उन्होंने का कि 2004 में भाजपा को सत्ता से एक तरफ करने के लिए कामरेड सुरजीत के नेतृत्व में भी यही रास्ता अपनाया गया था। उस समय भी भाजपा विरोधी पार्टियों ने एकजुट होकर संघर्ष किया था। येचुरी ने कहा कि जन आंदोलन साथ-साथ भाजपा विरोधी पार्टियों को एकजुट होकर लड़ाई लड़नी चाहिए।

पंजाब की किसानी व इंडस्ट्री तबाह

येचुरी ने कहा कि मोदी सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण देश का पेट भरने वाले पंजाब के किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं और किसानों को उनकी फसल का लागत मूल्य तक नहीं मिल रहा। नोटबंदी ने पंजाब की इंडस्ट्री तबाह करके रख दी है। लुधियाना में बड़ी संख्या में छोटी फैक्ट्रियां बंद हो गई हैं। मजदूरों का शोषण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पूंजीपतियों को साढ़े 11 लाख करोड़ रुपये का कर्ज दिया गया, यह पैसा देश के लोगों का है। जिसे पूंजीपति वापस नहीं कर रहे और विदेशों में भाग रहे हैं। देश में इस समय कितने ही मोदी हैं, ललित मोदी, नीरव मोदी और नरेंद्र मोदी। यह सभी देश को लूट कर रहे हैं। लोगों का पैसा ले कर भागने वाले मोदी सरकार के रहमो करम पर विदेश में जा कर सिटीजनशिप ले रहे हैं।

दो करोड़ नौकरियां का दावा था, उल्टा छंटनी शुरू हो गई

येचुरी ने कहा कि दो करोड़ नौकरियां देने का दावा किया गया था, लेकिन उल्टा नौकरियों की छंटनी की जा रही है। एक सवाल के जवाब में येचुरी ने कहा कि देश में भाजपा की तरफ से गौ रक्षा के नाम पर हत्याएं की जा रही हैं। देश को हिंदू, मुसलमान और दलितों के नाम पर बांटा जा रहा है। एंटी रोमियो स्क्वॉड बना दी गई है।

भाजपा और आरएसएस लोगों के बच्चों की जिंदगी में भी दखल देने लगे हैं। यह बताएंगे कि हमारे बच्चे किससे दोस्ती करेंगे और किसके साथ नहीं, किस तरह के कपड़े पहनेंगे। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने इमरजेंसी का एलान कर लोकतंत्र पर हमला किया था, लेकिन मोदी सरकार को बिना इमरजेंसी के ही हमले कर रही है। देश को धर्म, जात-पात के आधार पर बांटा जा रहा है।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.