चंडीगढ़ में शिवसेना की नई कार्यकारणी गठित, मोहित शर्मा चुने गए महासचिव
शिवसेना चंडीगढ़ की बैठक में सर्वसम्मति से सीनियर उप प्रमुख पद के लिए प्रदीप गुप्ता और राम वर्मा को चुना गया है।
चंडीगढ़, जेएनएन। शिवसेना ने सोमवार को अपनी नई कार्यकारिणी घोषित कर दी है। सेक्टर-39 स्थित कार्यालय में हुई बैठक में नई कार्यकारणी की घोषणा की गई। बैठक की अध्यक्षता चंडीगढ़ के प्रमुख परमजीत राजपूत ने की। बैठक में सर्वसम्मति से सीनियर उप प्रमुख पद के लिए प्रदीप गुप्ता और राम वर्मा को चुना गया जबकि महासचिव पद हेतु मोहित शर्मा, सचिव पद के लिए बॉबी मेहता और हाशिम सिद्दीकी, मलोया वार्ड प्रभारी व सचिव पद के लिए एमपी चौहान, संगठन मंत्री और रामदरबार वार्ड प्रभारी के लिए मनोज शुक्ला, कार्यकारणी सदस्य मलोया वार्ड प्रमुख पद हेतु राजीव अग्निहोत्री, वार्ड सचिव के लिए रवि वर्मा और कार्यकारणी सदस्य पद के लिए जितेंद्र चौहान और अरुण सक्सेना नियुक्त किया गया।
इस मौके पर परमजीत राजपूत ने कहा कि चंडीगढ़ में शिवसेना राजनीति तो करेगी ही, साथ ही सामाजिक और जनकल्याण कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेगी। हर सेक्टर व उसकी समस्याओं पर लोगों से चर्चा की जाएगी। इसके बाद समस्या को लेकर प्रशासन व नगर निगम को अवगत करवाकर उनका निवारण करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित चंडीगढ़ में समस्याओं की भरमार है जिससे मध्यम व गरीब परिवारों को दो चार होना पड़ता है। ऐसे परिवारों की मदद के लिए चंडीगढ़ शिव सेना सदैव तैयार रहेगी।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ शिव सेना से हर कोई जुड़ सकता है। कई ऐसे समाज सेवियों, सीनियर सिटीजन, युवा, आईटी प्रोफेशनल आदि को पूरा सहयोग दिया जाएगा जो शिवसेना के कार्यकर्ता न होते हुए भी जन लोक भलाई एवं विकास कार्यों में जुटे हैं।