एमडी कोर्स में एडमिशन के लिए एनओसी के बदले रिश्वत लेता सीनियर असिस्टेंट गिरफ्तार
आरोपित को सेक्टर-9 स्थित पंजाब के लघु सचिवालय के बाहर से गिरफ्तार किया गया। आरोपित की पहचान सेक्टर-39 निवासी सीनियर अस्सिटेंट सुरेंद्रजीत सिंह शाह के रूप में हुई है।
चंडीगढ़, जेएनएन। फरीदकोट के सिविल अस्पताल के मेडिकल आफिसर से पीजीआइ में एमडी/एमएस कोर्स में एडमिशन के लिए विभाग से एनओसी के बदले 15 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में चंडीगढ़ विजिलेंस विभाग ने हेल्थ विभाग के सीनियर असिस्टेंट को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित को सेक्टर-9 स्थित पंजाब के लघु सचिवालय के बाहर से गिरफ्तार किया गया। आरोपित की पहचान सेक्टर-39 निवासी सीनियर अस्सिटेंट सुरेंद्रजीत सिंह शाह के रूप में हुई है। वहीं मामले में हेल्थ विभाग के अंडर सेक्रेटरी गुरलाल सिंह की भूमिका भी संदिग्ध मिली है। संभवत वीरवार को उसकी भी गिरफ्तारी हो सकती है।
पंजाब के फरीदकोट में सिविल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर विश्वजीत सिंह राणा ने बुधवार को विजिलेंस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह अभी फरीदकोट के सिविल अस्पताल में तैनात है। उनका पीजीआइ चंडीगढ़ में एमडी एमएस कोर्स के लिए चयन हुआ है। इसके लिए उसे विभाग से एनओसी चाहिए थी। उन्होंने एनओसी पर डॉयरेक्टर हेल्थ सर्विस से साइन करवा लिए थे, जिसके बाद एनओसी को पंजाब सेक्रेटेरिएट में भेज दिया गया था।
बुधवार को जब वह एनओसी के स्टेटस के बारे में जानने के लिए पंजाब मिनी सेक्रेटेरिएट के हेल्थ विभाग में पहुंचा तो वहां पर एनओसी इश्यू के लिए सुरेंद्रजीत सिंह शाह ने उससे 15 हजार रुपये रिश्वत मांगी, लेकिन वह रिश्वत नहीं देना चाहते थे। इसलिए उन्होंने विजिलेंस टीम को शिकायत दी। वहीं विजिलेंस टीम ने बुधवार को ही ट्रैप लगा सुरेंद्रजीत सिंह को पंजाब मिनी सेक्रेटेरिएट की बेक साइड से उसे 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
गुरलाल सिंह की भूमिका संदिग्ध
शिकायतकर्ता के अनुसार उसे गुरलाल सिंह ने ही सुरेंद्रजीत सिंह से एनओसी के बाबत बात करने को कहा था। गुरलाल ने ही सुरेंद्रजीत को उसके सामने कहा था कि, जैसे उन्होंने दूसरे डॉक्टरों के साथ किया है। इसके साथ भी वैसे ही करो। मामले में अंडर सेक्रेटरी गुरलाल सिंह की भूमिका भी संदिग्ध मिली है। सूत्रों के अनुसार गुरलाल सिंह की वीरवार को गिरफ्तारी संभव है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें