सोशल मीडिया पर युवतियों को भेजता था गंदे मैसेज, मोहाली क्राइम ब्रांच की मदद से पुलिस ने आरोपित को दबोचा
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित अलग अलग लड़कियों को रेडमली फोन करता था। इसके बाद फोन पर लड़की की आवाज सुनने के बाद वाट्सएप पर मैसेज भेजने लगता था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मैसेज के साथ साथ आरोपित युवतियों को अश्लील तस्वीरें भी भेजता था।
मोहाली, जेएनएन। सोशल मीडिया पर लड़कियों को अश्लील मैसेज भेजने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवक के खिलाफ आइटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपित की पहचान छोटू लाल उर्फ छोटू उर्फ अमर निवासी गेहुना थाना पानीहरा जिला महाराजगंज उत्तरप्रदेश के तौर पर हुई। आरोपित इन दिनों खरड़ के जनता चौक में किराये के मकान पर रहा है। पुलिस ने आरोपित छोटू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित से मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिससे वह गंदे मैसेज भेजता था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित अलग अलग लड़कियों को रेडमली फोन करता था। इसके बाद फोन पर लड़की की आवाज सुनने के बाद वाट्सएप पर मैसेज भेजने लगता था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मैसेज के साथ साथ आरोपित की ओर से युवतियों को अश्लील तस्वीरें भी भेजी जाती थी। खरड़ पुलिस को एक युवती ने शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई। आरोपित तक पहुंचने के लिए मोहाली साइबर क्राइम टीम की भी मदद ली गई।
एसपी साइबर क्राइम गुरजोत सिंह कलेर ने कहा कि आरोपित से पूछताछ की जा रही है। इन दिनों साइबर क्राइम के केस लगातार बढ़ रहे हैं। लोगों को पुलिस की ओर से चेताया जा रहा है कि वे अननॉन नंबर को न उठाएं। इसके साथ साथ किसी के साथ भी अपनी बैंक डिटेल व ओटीपी शेयर न करें। कलेर ने कहा कि अगर लोग जागरूक रहेंगे तो साइबर क्राइम से बेहतर तरीके से निपटा जा सकता है। कलेर ने कहा कि उक्त मामले में आरोपित से पूछताछ की जा रही है। वाट्सएप से जितने भी नंबरों पर मैसेज आरोपित ने भेजे हैं उनकी जांच की जा रही है।