सुखबीर बादल की मोहाली विधायक को चुनौती, कहा- पंजाब में शिअद की सरकार बनी तो नहीं बचेगा बलबीर सिद्धू
Punjab Assembly Election 2022 पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने मोहाली के कांग्रेस विधायक बलबीर सिंह सिद्धू को खुली चुनौती दी है। उन्होंने मोहाली विधायक बलबीर सिंह सिद्धू को शिअद की सरकार बनने पर जेल भेजने की बात कही है।
रोहित कुमार, मोहाली। Punjab Assembly Election 2022: पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने मोहाली के कांग्रेस विधायक बलबीर सिंह सिद्धू को खुली चुनौती दी है। सुखबीर बादल ने कहा है कि अगर पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की सरकार बनी तो पूर्व सेहत मंत्री व मोहाली विधायक बलबीर सिंह सिद्धू बचेगा नहीं। बादल ने विधायक बलबीर सिद्धू पर कई तरह के आरोप लगाए।
सुखबीर बादल सोमवार को मोहाली में आयोजित पार्टी के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपने विरोधियों पर जमकर जुबानी हमला बोला। सुखबीर बादल ने विधायक बलबीर सिद्धू के साथ आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कुलवंत सिंह को भी आड़े हाथ लिया। बादल ने कहा कि सिद्धू को एक एक कब्जे का हिसाब देना होगा। जो कब्जे सरकारी जमीनों पर किए हैं। जो फतेह किट घोटाला किया है। ये सब सिद्धू को बताना पड़ेगा। किसी भी सूरत में उसे अकाली सरकार नहीं छोड़ेगी और उसके गुनाहों की सजा जरूर मिलेगी।
सुखबीर मोहाली में अपने उम्मीदवार परमिंदर सिंह सोहाना के प्रचार के लिए पहुंचे थे। बादल ने कहा कि केजरीवाल बताए कि क्या मोहाली से जिसे उम्मीदवार (कुलवंत सिंह) बनाया गया है वे रेहड़ी चलाता है या दूध बेचता है। 20 करोड़ में कुलवंत सिंह को टिकट दी गई है। बात आम आदमी की करते हैं। मुख्यमंत्री का चेहरा भगवंत मान कहता था कि रेहड़ी चलाने वाले, दूध बेचने वाले हर आम आदमी को पार्टी टिकट देगी। लेकिन असल में टिकट सभी डिफाल्टरों को दी गई जोकि कई कई पार्टियां बदल चुके हैं। सुखबीर बादल ने आरोप लगया कि आम आदमी पार्टी ने टिकटें पैसे लेकर बेची हैं। ये पंजाब पर कब्जा करना चाहते हैं। शिअद पंजाबियों की पार्टी और पंजाब की बात करती है।
बादल ने कहा कि मोहाली इलाके के लोगों को करोड़पति बनाने वाला मैं (बादल) हूं। अगर पंजाब में शिअद की सरकार बन गई तो जमीनों के रेट तो दो-दो करोड़ और बढ़ जाएंगे। शहर का उम्मीदवार पार्टी ने दिया है, जिसे शहर को लोग जीताएं। बादल ने कहा कि एयरपोर्ट से लेकर न्यू चंडीगढ़, आइटी हब सब शिअद की देन है। सूबे में अगर शिअद की सरकार बनी तो मोहाली को एक बेहरत शहर और जिला बनाने के प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान शिअद के पदाधिकारी मौजूद रहे।