पंजाबी गायक व मॉडल परमीश वर्मा को गोली मारी, गैंगस्टर ने ली जिम्मेदारी
पंजाबी गायक और मॉडल परमीश वर्मा को माेहाली में उनके घर पर कुछ लोगों ने गाेली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह ढाहां ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
जेएनएन, मोहाली। पंजाब के नामी सिंगर परमिश वर्मा व उसके दोस्त कुलवंत चहल पर देर रात करीब 1:30 बजे आधा दर्जन युवकों ने गोलियां मारकर जानलेवा हमला किया। परमिश के दो गोलियां लगी। एक गोली पैर में तो दूसरी कमर के ऊपर। कुलवंत चहल की दाहिनी टांग पर गोली लगी है। घटना के बाद मोहाली के एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने दोनों घायलों को स्थानीय फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां दोनों की हालत खतरे से बाहर है।
सोशल मीडिया पर दो गैंग ने परमिश पर गोलियां चलाने की जिम्मेदारी ली है।पुलिस के अनुसार परमिश चंडीगढ़ स्थित एलांटे मॉल में अपनी फिल्म 'गोलक बुगनी बैंक ते बटुआ' की प्रमोशन के लिए गए थे। करीब 1 बजे परमिश अपने दोस्त कुलवंत चहल के साथ फॉच्र्यूनर गाड़ी में वहां से सेक्टर-91 स्थित अपने घर के लिए निकले। मॉल से ही एक क्रेटा कार ने परमिश का पीछा करना शुरू कर दिया। क्रेटा कार में करीब आधा दर्जन युवा सवार थे।
सेक्टर-91 /74 के टी प्वांइट के पास उन्होंने क्रेटा कार आगे लगाकर उन्हें घेर लिया। उसके बाद परमिश व उनके दोस्त को कार से नीचे उतरने के लिए कहा। जब वह नहीं उतरे तो हवा में गोलियां चलानी शुरू कर दी। युवकों ने कुल छह फायर किए। उसके बाद परमिश व कुलवंत कार से निकले। युवकों ने उन पर तीन गोलियां और चलाईं। दो गोलियां परमिश व एक कुलवंत चहल को लगी। घायल परमिश ने मौके से ही एसएसपी कुलदीप सिंह चहल को फोन किया। वे अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंच और दोनों घायलों को अस्पताल लेकर गए।
315 बोर से फायर
एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने बताया कि मौके से छह खोल मिले है। फायर 315 बोर से किए गए। उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
वीरे गाल नहीं कडणी हर किसी जुबान पर
परमिश गत वर्ष अपने गीत वीरे गाल नहीं कडणी से हर युवा की जुबान पर आ गए थे। युवाओं में परमिश की अच्छी पैठ है। गाल नहीं कडणी के अलावा टोर नाल छड़े भी लोगों की दिलों पर छाया हुआ है।
गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह ढाहां द्वारा फेसबुक पर परमीश पर हमले के बारे में जारी पोस्ट में लगाया फोटो।
दो गैंग ने फेसबुक पर ली जिम्मेदारी
परमिश पर गोलियां किस ने चलाई, को लेकर दो गैंग में क्रेडिट वार शुरू हो गई। सबसे पहले पंजाब के गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह ने जिम्मेदारी ली। उसने फेसबुक वॉल पर लिखा, 'पुरानी दुश्मनी के चलते परमिश को गोलियां मारी गई।' दोपहर तक संपत नेहरा गैंग ने जिम्मेदारी ली।
मोहाली के एसएसपी कुलदीप सिंह चहल का कहना है कि इस मामले में हर पहलू की जांच की जा रही है। गोलियां किस ने चलाई ये नहीं बता सकते लेकिन क्राइम हुआ है और आरोपियों को पकड़ा जाएगा। उधर पुलिस सूत्रों का कहना है कि पंजाब में गैंगस्टर अब मुंबई के भाई लोगों की तरह प्रोटेक्शन मनी लेने के लिए ऐसे हमले करवा सकते है।
गैंगस्टर दिलप्रीत कई मामलों में वांछित ?
दिलप्रीत पंजाब का नामी गैंगस्टर है। पुलिस को वह कई मामलों में वांछित है। दिलप्रीत पर गत वर्ष चंडीगढ़ के सेक्टर-38 स्थित गुरुद्वारा साहिब के पास होशियारपुर के सरपंच सतनाम सिंह को मारने का आरोप है। विक्की गौंडर के मारे जाने के बाद दिलप्रीत ने मोहाली में यह बड़ी वारदात की है। मोहाली में करीब दो साल पहले फेज-8 के दशहरा ग्राउंड के पास बाउंसरों के झगड़े में जो गोलीबारी हुई थी, उसमें भी दिलप्रीत का नाम सामने आया था।
दूसरे गैंगस्टर संपत नेहरा पर भी कई मामले दर्ज है। उसके पिता चंडीगढ़ पुलिस में तैनात है। संपत की मोहाली के अलावा चंडीगढ़ व हरियाणा पुलिस को भी तलाश है।