केजरीवाल के बयान पर भड़के पंजाब के मंत्री परगट सिंह, बोले- हमें दिल्ली के सीएम की सलाह की जरूरत नहीं
पंजाब के कैबिनेट मंत्री परगट सिंह वीरवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के बयान पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस के मामले में हमे दिल्ली के सीएम की सलाह की जरूरत नहीं है।
चंडीगढ़, जेएनएन/एएनआइ। पंजाब के कैबिनेट मंत्री परगट सिंह वीरवार को दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के कन्वीनर अरविंद केजरीवाल के बयान पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि हमें अरविंद केजरीवाल की सलाह की कोई जरूरत नहीं है। हम पंजाब के हिताें के लिए बेहतर तरीके से कार्य करेंगे। पार्टी में विवाद कई मुद्दों पर है। हमारा फोकस किसी खास व्यक्ति को लेकर नहीं है। बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने चरणजीत सिंह चन्नी कैबिनेट में दागी मंत्रियों को शामिल करने पर सवाल उठाया था और उनकाे कैबिनेट से हटाने की सलाह दी थी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल कल पंजाब के दो दिन के दौरे पर पहुंचे थे। उन्होंने यहां पहुंचने पर कहा था कि पंजाब में चल रही सत्ता की गंदी लड़ाई से पैदा हुई राजनीतिक अस्थिरता दुर्भाग्यपूर्ण है। केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस पर राज्य सरकार को तमाशा बनाने आरोप लगाए और दावा किया कि पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव में आप जीत दर्ज कर स्थिर और ईमानदार सरकार देगी। केजरीवाल ने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी सरकार लोगों की पांच मुख्य मांगों पर तुरंत कार्रवाई करे।
उन्होंने कहा कि दागी मंत्रियों व अधिकारियों को हटाकर उन पर केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। बरगाड़ी कांड के दोषियों को सजा दिलाई जाए। मुख्यमंत्री चन्नी अगर कुंवर विजय प्रताप सिंह की रिपोर्ट पढ़ेंगे तो उसमें आरोपितों के नाम लिखे हैं, उन्हें 24 घंटे में गिरफ्तार किया जा सकता है। केजरीवाल ने कहा कि कैप्टन ने युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। बेरोजगार युवाओं को एक सप्ताह के भीतर पिछले साढ़े चार साल के बकाये सहित बेरोजगारी भत्ता दिया जाए। किसानों का सारा कर्ज माफ किया जाए।
परगट सिंह ने कहा कि केजरीवाल को पंजाब के हितों की नहीं बल्कि अपनी सियासत और पंजाब में अगले साल होनेवाले विधानसभा चुनाव की है। पंजाब कांग्रेस में जो कुछ भी हो रहा है वह पंजाब के मुद्दों को लेकर है। सरकार और पार्टी पंजाब के हितों के प्रति गंभीर और प्रतिबद्ध है। हम पंजाब के लोगों के हितों के लिए बेहतर से बेहतर काम करेंगे।