Move to Jagran APP

पंजाब निकाय चुनाव नतीजों से चंडीगढ़ कांग्रेस का बढ़ा उत्साह, भाजपा और आम आदमी पार्टी नेता मायूस

पंजाब स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी को बड़ी जीत मिली है। वहीं वीरवार को मोहाली नगर निगम के चुनाव नतीजों में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों को भी जीत मिल रही है। इससे चंडीगढ़ कांग्रेस के नेताओं का उत्साह सातवें आसमान पर है।

By Ankesh KumarEdited By: Published: Thu, 18 Feb 2021 11:36 AM (IST)Updated: Thu, 18 Feb 2021 11:36 AM (IST)
पंजाब निकाय चुनाव नतीजों से चंडीगढ़ कांग्रेस का बढ़ा उत्साह, भाजपा और आम आदमी पार्टी नेता मायूस
मोहाली नगर निगम चुनाव में जीते कांग्रेस उम्मीदवार के साथ चंडीगढ़ कांग्रेस नेता दविंदर सिंह बबला और भूपेंद्र सिंह।

चंडीगढ़, जेएनएन। पंजाब स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी की प्रचंड जीत से चंडीगढ़ कांग्रेस के नेताओं का भी उत्साह बढ़ा है। चंडीगढ़ कांग्रेस के नेताओं का मानना है कि अब पार्टी के पक्ष में माहौल बन रहा है और इस साल होने वाले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में चंडीगढ़ कांग्रेस भी जीत हासिल करेगी।

loksabha election banner

मालूम हो कि पिछले छह साल से चंडीगढ़ नगर निगम में भाजपा का कब्जा है। लेकिन पंजाब स्थानीय निकाय चुनाव नतीजों से चंडीगढ़ भाजपा नेता मायूस हैं। भाजपा को चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए अब ज्यादा मेहनत करनी होगी। जबकि चंडीगढ़ में हाल ही में शहरवासियों पर काऊ सेस, बिजली और हाउस टैक्स का बोझ बढ़ा है। पानी के रेट बढ़े हैं, जिसे चंडीगढ़ कांग्रेस ने मुद्दा बनाने की रणनीति बनाई ली है।

वहीं, पंजाब सहित मोहाली के चुनाव परिणाम से आम आदमी पार्टी के नेताओं को भी मायूसी हाथ लगी है। चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी पूरी तरह सक्रिय है। इस साल होने वाले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में आप ने भी शहर के सभी 35 वार्ड में अपने उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है। जबकि शिरोमणी अकाली दल भी अपने उम्मीदवार उतारेगी। नयागांव नगर परिषद में शिअद की दस सीट आने से उनका उत्साह बढ़ा है। इस समय चंडीगढ़ में शिअद सभी वार्डों में अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी में है।

21 फरवरी को चंडीगढ़ कांग्रेस के नए अध्यक्ष सुभाष चावला की ताजपोशी होनी है। जिसकी तैयारी में चावला के समर्थक लगे हुए हैं। इस कार्यक्रम में पंजाब व चंडीगढ़ कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत के अलावा पंजाब सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिद्धू भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन बंसल भी उपस्थित होंगे। वहीं मोहाली नगर निगम में पूरी स्थिति स्पष्ट होने के बाद चंडीगढ़ कांग्रेस शाम को सेक्टर-23 में जश्न मनाएगी। यहां पर चावला का निवास स्थान है। अध्यक्ष बनने के बाद अभी तक चावला कांग्रेस भवन नहीं गए हैं।

प्रदेश कांग्रेस के महासचिव हरमेल केसरी का कहना है कि शहर में भी कांग्रेस का जनाधार बढ़ा है। शहरवासी भाजपा शासित नगर निगम से तंग आ गए हैं। भाजपा के इस कार्यकाल में सिर्फ शहरवासियों पर टैक्स थोपे गए हैं। अब सुभाष चावला अध्यक्ष बने हैं उनकी रणनीति पार्टी के लिए काफी फायदेमंद रहेगी।

युवा कांग्रेस के महासचिव मनोज सिहान का कहना है कि पंजाब में मिली बड़ी जीत का चंडीगढ़ कांग्रेस को भी फायदा मिलेगा। शहरवासियों को भी शहर में विकास के लिए अब चंडीगढ़ कांग्रेस से ही उम्मीद है। पिछले चार साल में भाजपा ने जितने टैक्स लगाए हैं उससे आधे टैक्स कांग्रेस ने अपने 15 साल के कार्यकाल में भी नहीं लगाए थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.