पंजाब भाजपा प्रधान अश्वनी शर्मा बोले- मुश्किल दौर की ओर बढ़ रहा राज्य, नए सीएम महज ‘कठपुतली’
पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पंजाब के नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर हमला बोला है। उन्हाेंने कहा कि पंजाब मुश्किल दौर की ओर बढ़ रहा है। पंजाब के नए सीएम चरणजीत सिंह चन्नी महज कठपुतली हैं।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह पंजाब के लोगों का दुर्भाग्य है कि उनको मुख्यमंत्री के रूप में एक ‘कठपुतली’ नेता मिला है। मुख्यमंत्री चन्नी को हर फैसले के लिए दिल्ली दरबार में हाजरी भरनी पड़ती है। सीएम चन्नी द्वारा अपनी कैबिनेट मंत्री के रूप में एक दागी विधायक राणा गुरजीत सिंह को जगह दिए जाने के विरुद्ध कांग्रेस नेताओं ने पहले ही विरोध शुरू कर दिया है। राणा गुरजीत सिंह को कैबिनेट मंत्री के रूप में नियुक्त करके, कांग्रेस पार्टी ने फिर से स्पष्ट किया है कि उसे प्रदेश की जनता की नैतिकता और संवेदनशीलता की कोई परवाह नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक के एक वर्ग ने आलाकमान को लिखा था कि राणा गुरजीत सिंह को मंत्री के रूप में नियुक्त नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि वह एक घोटाले में शामिल थे। उनकी जगह एक साफ छवि वाले कांग्रेस नेता को कैबिनेट में जगह दी जानी चाहिए। हालांकि लंबे समय से भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली कांग्रेस हाईकमान ने आगे बढ़कर राणा को मंत्री बना दिया।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि यह सब कैप्टन अमरिंदर सिंह के खेमे को शांत करने की कोशिश है। राणा गुरमीत सोढ़ी हाल ही में सरकार से अपनी भूमि अधिग्रहण के लिए दो बार मुआवजा लेने में शामिल रहे हैं। शाम सुंदर अरोड़ा भी घोटालों के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे हैं। शर्मा ने कहा कि इस नए कांग्रेसी मंत्रिमंडल की अवधि अल्पकालिक होगी और दुर्भाग्य से इसका खामियाजा आम आदमी को भुगतना पड़ेगा।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि नए मंत्रिमंडल की टीम बना कर कांग्रेस ने यह स्वीकार कर लिया है कि वास्तव में कांग्रेस पार्टी द्वारा पिछले साढ़े चार साल तक सिवा लूट के कुछ नहीं किया गया। इन विधायकों और मंत्रियों के संरक्षण में शराब माफिया, ड्रग माफिया और रेत माफिया पनपे हैं और लगातार फलफूल रहे हैं और इस पर लगाम लगने का कोई भी रास्ता नजर नहीं आ रहा।