पंजाब सरकार के दफ्तर बने भ्रष्टाचार का अड्डा: नन्हेडियां
बीते शुक्रवार को कुराली नगर काउंसिल के जूनियर सहायक सुखदेव सिंह को रिश्वत केस में विजिलेंस को पकड़वाने वाले कुराली के वार्ड नंबर तीन वासी जसवीर सिंह ने शनिवार को काउंसिल दफ्तर के बाहर प्रेस कांफ्रेंस की।
संवाद सहयोगी, कुराली : बीते शुक्रवार को कुराली नगर काउंसिल के जूनियर सहायक सुखदेव सिंह को रिश्वत केस में विजिलेंस को पकड़वाने वाले कुराली के वार्ड नंबर तीन वासी जसवीर सिंह ने शनिवार को काउंसिल दफ्तर के बाहर प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान विशेष तौर पर पहुंचे बहुजन समाज पार्टी पंजाब के जनरल सेक्रेटरी राजा राजिदर सिंह नन्हेडियां ने जसवीर सिंह की दिलेरी की सराहना की और जसवीर को समर्थन देने की घोषणा की। पिछले चार महीनों से कर रहा था परेशान
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पेशे से ऑटो मैकेनिक जसवीर सिंह ने बताया कि कुराली में उनका प्लॉट है जिस पर कंस्ट्रक्शन करने के लिए उन्होंने बैंक में लोन अप्लाई किया था। लोन सेंक्शन करवाने के लिए उन्हें बैंक में नगर काउंसिल द्वारा प्रदान की जाने वाली एनओसी की जरूरत थी। लिहाजा बीते अगस्त में उन्होंने काउंसिल में 16300 रुपये फीस के तौर पर अदा करने के बाद काउंसिल के जूनियर सहायक सुखदेव सिंह से एनओसी जारी करने की गुजारिश की। सुखदेव सिंह काफी अरसे तक बार बार उन्हें काउंसिल में बुला एनओसी देने में टालमटोल करता रहा। जसवीर सिंह ने बताया कि इस संबंधी उन्होंने काउंसिल के कार्यकारी अधिकारी से भी शिकायत की जिन्होंने सुखदेव सिंह को बुला जल्द एनओसी जारी करने के निर्देश दिए। बावजूद इसके सुखदेव सिंह ने एनओसी जारी करने के लिए उन्हें 20 हजार रुपये की मांग की और पैसे नहीं देने पर एनओसी नहीं देने का भी प्रेशर बनाया। आखिरकार उन्होंने परेशान होकर सुखदेव सिंह के साथ 15 हजार में सौदा किया और विजिलेंस में शिकायत दर्ज करवा उसे शुक्रवार को 15 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाया। पंजाब सरकार भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने में असफल
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान विशेष तौर पर शरीक हुए बहुजन समाज पार्टी जनरल सेक्रेटरी राजा राजिदर सिंह नन्हेडियां ने कहा कि पंजाब सरकार का हर दफ्तर भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुके हैं और सभी जगह भ्रष्टाचार का ही बोलबाला है। कुराली नगर काउंसिल में फैले भ्रष्टाचार के बाबत उन्हें पहले भी कई रिपोर्ट मिल रही थी और अब जसवीर सिंह ने काउंसिल के कर्मचारी को करप्शन केस में विजिलेंस में पकड़वाने के बाद उन्हें कई लोगों के फोन आए जिन्होंने बताया कि उनसे भी काम करने की एवज में काउंसिल में रिश्वत ली गई थी। पिछले केसों को लाया जाएगा सामने
राजा राजिदर सिंह नन्हेडियां का कहना था कि जिन-जिन लोगों ने उनसे संपर्क कर काउंसिल में रिश्वत देकर काम करवाने की बात कही है उन लोगों से एफिडेविट लेकर सभी केसों को उजागर कर पब्लिक के सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विजिलेंस अधिकारियों से सुखदेव सिंह केस की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों को सख्त सजा की मांग की।