कांग्रेस ने काले दिवस के रूप में मनाई नोटबंदी, केंद्र सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
कांग्रेस आज नोटबंदी की दूसरी वर्षगांठ को काले दिवस के रूप में मना रही है। पंजाब कांग्रेस ने पार्टी के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ के नेतृत्व में आरबीआइ दफ्तर के समक्ष धरना दिया।
जेएनएन, चंडीगढ़। कांग्रेस आज नोटबंदी की दूसरी वर्षगांठ को काले दिवस के रूप में मना रही है। पंजाब कांग्रेस ने पार्टी के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ के नेतृत्व में आरबीआइ दफ्तर के समक्ष धरना दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नोटबंदी को आर्थिक रूप से देश को कमजोर करने की साजिश करार दिया। इस दौरान धरने में पार्टी में गुटबाजी भी साफ दिखी। बलबीर सिंह सिद्धू समर्थक अलग से नारेबाजी करते दिखे।
नोटबंदी के खिलाफ प्रदर्शन करते कांग्रेसी।
इस दौरान नेताओं ने नोटबंदी को आजादी के बाद का सबसे बड़ा घोटाला करार दिया। नेताओं ने कहा कि आज तक न तो काला धन मिला और न ही नकली नोट पकड़े गए हैैं। नोटबंदी के बाद लाइन में लगे कई लोग मारे गए। इसके लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है। कांग्रेस ने कहा कि जनता नोटबंदी का जवाब वोटबंदी से देगी।