पंजाब भाजपा प्रभारी दुष्यंत गौतम बोले- नए कृषि कानूनों ने किसानोंं को आजादी दिलवाई
पंजाब भाजपा प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम का कहना है कि पंजाब में आढ़़ती सिस्टम के कारण किसान बंधुआ मजदूरों की तरह थे लेकिन नए कृषि कानूनों से उन्हें स्वतंत्रता मिली है। गौतम प्रदेश कार्यालय में महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
जेएनएन, चंडीगढ़। पंजाब भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सदस्य दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा है कि पंजाब में किसानों को बंधुआ मजदूर बनाया गया था। किसानों को एक ही आढ़ती के साथ जोड़ दिया गया था। किसान को कोई जरूरत हो या पैसा चाहिए तो एक ही आढ़ती के पास जाओ। फसल भी उसी को बेचो। फिर चाहे आढ़ती कितना भी ब्याज लगा ले। उन्होंने कहा कि नए कानून ने किसानोंं को आजादी दिलवाई है। गौतम मंगलवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में महिला मोर्चा की नेत्रियों के साथ बैठक कर रहे थे। इस बैठक में महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष वानथी श्रीनिवासन भी मौजूद थी।
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब किसान क्रेडिट कार्ड लेकर आए थे तब महाजन भी ऐसे ही चिल्ला रहे थे, क्योंकि किसान क्रेडिट कार्ड आने के बाद किसानों की महाजनों पर निर्भरता कम हुई। पहले यूरिया की ब्लैक होती थी। प्रधानमंत्री ने नीम कोटेड यूरिया किसानों को मुहैया करवाया। जो प्रधानमंत्री किसानों के बारे में इतना सोचते हैं वह किसानों का कभी भी बुरा नहीं सोच सकते।
दुष्यंत गौतम ने कहा कि एनआरसी हो या जीएसटी या कृषि सुधार कानून सभी कांग्रेस लेकर आना चाहती थी लेकिन उनकी हिम्मत नहीं हुई। जब भाजपा सरकार इसे लेकर आई तो वह लोगों को गुमराह करने में जुट गए। जिस प्रकार से सरदार बल्लभ भाई पटेल ने सभी रियासतों को भारत में मिलाकर एक देश बनाया था। उसी प्रकार भाजपा एक कानून-एक राष्ट्र बनाकर रहेगी।
नए प्रभारी ने कहा कि दुर्भाग्य यह है कि भ्रष्टाचारी लोग भाजपा पर उंगली उठा रहे हैंं। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी और राहुल गांधी का नाम लिए बगैर गौतम ने कहा कि जो मां-बेटे जमानत पर हैंं, जिन्हें चीन से फंड आता था, जिनका प्रधानमंत्री खुद यह कहता था कि केंद्र सरकार 1 रुपये जारी करती है तो लोगों तक मात्र 15 पैसे ही पहुंचता है, वह नए कृषि कानून का विरोध कर रहे हैंं।
दुष्यंत गौतम ने पुनः दोहराया कि नए कृषि सुधार कानून किसानों के हित में है। किसानों को गुमराह किया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस समस्या का हल जल्द ही हो जाएगा। केंद्र सरकार किसानों के साथ बातचीत कर रही है। जल्द ही इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा और महिला मोर्चा की प्रदेश प्रधान मोना जायसवाल भी मौजूद थी।