पंजाब और हरियाणा ने दी सहमति, फिर भी बस सर्विस शुरू करने काे तैयार नहीं चंडीगढ़ प्रशासन
सीटीयू लांग रूट पर बस सर्विस शुरू नहीं कर पाया। बकायदा पंजाब और हरियाणा लांग रूट बस सर्विस शुरू करने के लिए चंडीगढ़ को अपनी सहमति भेज चुके हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) लांग रूट पर बस सर्विस शुरू नहीं कर पाया है। बकायदा पंजाब और हरियाणा लांग रूट बस सर्विस शुरू करने के लिए चंडीगढ़ को अपनी सहमति भेज चुके हैं। बावजूद इसके चंडीगढ़ प्रशासन बस सर्विस शुरू करने से हाथ पीछे खींच रहा है। बताया जा रहा है कि एडवाइजर मनोज परिदा ने अभी बस चलाने के लिए हरी झंडी नहीं दी है।
हालांकि लोकल बस सर्विस अब पंचकूला और मोहाली तक दोबारा शुरू हो चुकी है। रोजाना बसें, डेराबस्सी, जीरकपुर, मोहाली, पंचकूला के फेरे लगा रही हैं। ट्रांसपोर्ट डायरेक्टर उमा शंकर गुप्ता ने बताया कि उन्होंने लांग रूट सर्विस की तैयारी पूरी कर रखी है। उच्चाधिकारियों से मंजूरी मिलते ही इसकी शुरुआत होगी। पंजाब और हरियाणा से बस सर्विस के लिए कंसेंट भी मिल चुका है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड जैसे राज्यों से अभी कंसेंट नहीं मिला है।
सप्ताह पहले की थी घोषणा
यूटी प्रशासन ने दो जून को लांग रूट बस सर्विस को आठ जून से शुरू करने की घोषणा की थी। ऑनलाइन बुकिंग के बाद 50 फीसद पैसेंजर के साथ ही यह बसें चलाई जानी है। बसें प्वाइंट टू प्वाइंट सर्विस ही देंगी। बीच में कहीं न तो सवारी उतारी जाएगी और न ही चढ़ाई जाएगी।