पंचकूला में प्रॉपर्टी टैक्स डिफॉल्टरों पर कसेगा शिकंजा, नगर निगम ने बनाया ये प्लान
पंचकूला नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स डिफॉल्टरों के खिलाफ सख्ती का मन बना लिया है। इसके लिए निगम ने प्लान भी तैयार कर लिया है। बैठक के दौरान नगर निगम पंचकूला के आयुक्त आरके सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाना सुनिश्चित करें।
पंचकूला, जेएनएन। प्रॉपर्टी टैक्स डिफॉल्टर के खिलाफ नगर निगम ने अभियान शुरू कर दिया गया है। नगर निगम पंचकूला के आयुक्त आरके सिंह ने प्रॉपर्टी टैक्स के संबंध में अधिकारियों की हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे प्राथमिकता के आधार पर प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने प्रॉपर्टी टैक्स के डिफॉल्टरों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर नोटिस भिजवाने के संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने प्रॉपर्टी टैक्स के डिफाल्टरों से विशेषतौर पर आग्रह किया कि वे अपना प्रॉपर्टी टैक्स शीघ्र जमा करवाएं। इस दिशा में उन्हें निगम की ओर से नोटिस भी भिजवाया जा रहा है।
सफाई के लिए लगाए गए हैं 686 सफाई मित्र
इससे पहले आयुक्त ने स्वच्छ भारत मिशन-2021 के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वच्छता अभियान को युद्ध स्तर पर लागू करने और इसे जन आंदोलन बनाने की दिशा में भी अधिकारियों को कहा। उन्होंने कहा कि आम लोगों की भागीदारी के बिना स्वच्छता अभियान सफल नहीं हो सकता। इसलिए हम सभी को सर्वेक्षण में उच्च स्थान प्राप्त करने की दिशा में सामूहिक प्रयास करने होंगे। स्वच्छता अभियान में सफाई मित्र विशेषतौर पर अपना महत्वपूर्ण योगदान देें सकते हैं। निगम की ओर से साफ सफाई के लिए 686 सफाई मित्र लगाए हुए हैं। उन्होंने घर-घर से कूड़ा इक्ट्ठा करने तथा गीले कूड़े से बायो गैस व खाद बनाने की दिशा में संबंधित अधिकारी से विस्तार से बातचीत की।
सेनिटेशन पार्कों पर भी की गई चर्चा
बैठक के दौरान आयुक्त ने सेनिटेशन पार्कों की लोकेशन के बारे में भी संबंधित अधिकारियों से चर्चा की। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे सुनिश्चित करें कि सफाई मित्र अपने कार्य करने के दौरान मास्क, गल्वस पहनें। उन्होंने शुल्भ शौचालय, मोबाइल शौचालय व अन्य शौचालयों के बारे में विस्तार से समीक्षा की। इस अवसर पर बैठक में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त संयम गर्ग, नगर निगम के डिप्टी कमीशनर दीपक सूरा, कार्यकारी अभियंता अंकित लौहान, मुख्य सफाई निरीक्षक साधूराम, पर्यावरण सलाहाकार पिं्रयका चैहान सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।