वेबिनार में बोले प्रो. एसके सिंह, एनईपी 2020 से उच्च शिक्षा में आएंगे बड़े बदलाव
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में बहुत बदलाव किए गए हैं। इससे उच्च शिक्षा में एक नई क्रांति आएगी और बड़े बदलाव होंगे। पिछली शिक्षा नीति का उद्देश्य था कि लगभग 200 साल पहले गठित ब्रिटिश राज के लिए एक कार्यबल बनाना।
चंडीगढ़, जेएनएन। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में बहुत बदलाव किए गए हैं। इससे उच्च शिक्षा में एक नई क्रांति आएगी और बड़े बदलाव होंगे। पिछली शिक्षा नीति का उद्देश्य था कि लगभग 200 साल पहले गठित ब्रिटिश राज के लिए एक कार्यबल बनाना। एक ऐसा वातावरण तैयार करना जहां एक भावना उत्पन्न हुई थी कि पश्चिमी संस्कृति बेहतर है। लेकिन शिक्षा नीति में हुए बदलाव से इस सोच का अंत होगा। यह बात अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञानी के प्रो. एसके सिंह ने कही।
प्रो. सिंह पंजाब यूनिवर्सिटी एलुमनाई एसोसिएशन के सहयोग से स्वामी विवेकानंद स्टडीज द्वारा आयोजित वेबिनार मुख्य अतिथि के रूप में जुड़े। एनईपी 2020 आइडिया आफ यूनिवर्सिटी विषय पर आयोजित इस वेबिनार में कई चीजों को आधार बना कर चर्चा हुई। प्रो. सिंह को 30 वर्ष से अधिक का शिक्षण और 40 वर्षों का शोध अनुभव है।
प्रो. सिंह ने विश्वविद्यालयों के इतिहास और विकास पर काफी शोध की है। वेबिनार में उन्होंने इसी शोध के आधार पर विश्वविद्यालयों का वर्तमान माडल बताया। उन्होंने पहले की शिक्षा नीति को ब्रिटिश को बेहतर मानने वाली शिक्षा नीति बताया। अंग्रेजों ने जो हमें दिया, हम अभी तक उसी को ही पढ़ रहे थे। उन्होंने इस बात को साबित करने के लिए मैकाले के दस्तावेज के कई अंश पेश किए। प्रो. सिंह ने कहा कि एनईपी 2020 इन जंजीरों से मुक्त करने में मदद करेगी।