टिकट का चक्करः सर्वें में नंबर-1 आने के लिए दावेदार अपना रहे ये हथकंडे
लोकसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस उस व्यक्ति को टिकट देंगी जो जो लोकप्रियता सर्वे में नंबर-1 होगा। इसकी भनक लगते ही दावेदार हर हथकंडा अपना रहे हैं।
चंडीगढ़ [राजेश ढल्ल]। लोकसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस में टिकट उसे मिलेगी जो शहर में मशहूर होगा और जो सर्वे में नंबर-1 रहेगा। जी हां, नए साल के जनवरी माह में दोनो ही राजनीतिक दल चंडीगढ़ में दावेदारों का सर्वे करवाने जा रहा है। इसकी भनक दोनों दलों के दावेदारों को लग गई है। ऐसे में वह नंबर-1 पर आने के लिए कई तरह के हथकंडे भी अपना रहे हैं। दावेदारों ने अपने अपने समर्थकों आैर चहेतों को यह भी कहना शुरू कर दिया है कि वह लोग शहरवासियों में ज्यादा से ज्यादा उनके नाम की चर्चा करें। यहां तक भी कहा कि संबंधित दावेदार की टिकट पक्की है, सिर्फ हाईकमान की मुहर लगनी बाकी है।
टिकट दावेदारों ने अपने समर्थकों को शहर में ज्यादा से ज्यादा कार्यक्रम करवाकर उन्हें बुलाने के लिए भी कहा है। ऐसे कार्यक्रमों में समर्थक अपने संबोधन में यह भी कह रहे है कि उनके नेता की टिकट पक्की है, बस वह चुनाव में जुट जाए। हर दावेदार अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए जी तोड़ प्रयास कर रहा है। हालांकि अभी तक किसी की भी टिकट पक्की नहीं है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अनुसार जो सर्वे में नंबर-1 रहेगा टिकट उसके नाम की ही होगी। शहर में ज्यादा से ज्यादा अपना नाम चलवाने के लिए दावेदार सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय हैं।
गुटबाजी के कारण सर्वे की अनदेखी
साल 2009 के लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस और भाजपा में ऐसा ही हुआ था। उस समय भाजपा को सर्वे की अनदेखी करनी पड़ी क्योंकि उस समय के दावेदार भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन, पूर्व सांसद सत्यपाल जैन और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन के बीच भारी गुटबाजी थी। पार्टी को पता था किसी एक को टिकट मिलने पर दूसरा हरवा देगा। इसलिए बाहर से उम्मीदवार किरण खेर को भेज कर तीनों दावेदारों को शांत किया। तीनों ने खेर को जीतवाने का प्रयास किया।
ये हैं दावेदार
भाजपा में वर्तमान सांसद किरण खेर, भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन और पूर्व सांसद सत्यपाल जैन दावेदार है। वहीं, कांग्रेस में पूर्व रेल मंत्री पवन बंसल और मनीष तिवारी दावेदार है। बंसल साल 1992 से लगातार शहर से चुनाव लड़ते आएं हैं। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन आप में शामिल हो गए हैं। ऐसे में उनकी टिकट लगभग तय मानी जा रही है।