बादल छाए तो रिकार्ड स्तर पर पहुंचा प्रदूषण
दिनभर बादल छाए रहने से हवा में नमी की मात्रा बहुत ज्यादा बढ़ गई है। रविवार शाम को प्रदूषण का स्तर भी बहुत ज्यादा बढ़ गया।
जासं, चंडीगढ़ : दिनभर बादल छाए रहने से हवा में नमी की मात्रा बहुत ज्यादा बढ़ गई है। रविवार शाम को प्रदूषण का स्तर भी बहुत ज्यादा बढ़ गया। रविवार शाम सात बजे चंडीगढ़ का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 220 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया। इस साल में यह अभी तक का सबसे अधिक एक्यूआइ है। इसने साल के पिछले सभी रिकार्ड तोड़ दिए। हवा में नमी बढ़ने से प्रदूषण के कण हवा में ठहर रहे हैं, जिससे प्रदूषण बढ़ा है। सिर्फ चंडीगढ़ ही नहीं आस-पास के शहरों का हाल भी बहुत बुरा है। पंचकूला के एक्यूआइ भी दो सौ के पार
चंडीगढ़ के साथ लगते पंचकूला का एक्यूआइ 209 दर्ज किया गया। हालांकि रविवार देर रात हल्की बूंदा बांदी भी शुरू हो गई। सोमवार को भी बारिश की संभावना जताई जा रही है। अगर बारिश होती है तो प्रदूषण का स्तर कम हो सकता है। एक घंटा भी तेज बारिश हो जाती है तो हवा एकदम साफ हो जाएगी। एक्यूआइ के 200 से अधिक होने के खराब माना जाता है। पंजाब और हरियाणा के शहरों में भी बढ़ा प्रदूषण
पंजाब और हरियाणा के शहरों का प्रदूषण स्तर भी अधिक है। अमृतसर का एक्यूआइ 224, जालंधर का 252 और लुधियाना का 321 दर्ज किया गया। इसी तरह से हरियाणा में कुरुक्षेत्र का 333, पानीपत का 421 दर्ज किया गया। नई दिल्ली की हालत तो और भी खराब है। नई दिल्ली का एक्यूआइ 461, गुरुग्राम का 378, फरीदाबाद का 455 दर्ज किया गया। रविवार को यह रहा शहर का तापमान
- अधिकतम तापमान - 17.6 डिग्री सेल्सियस
- न्यूनतम तापमान- 7 डिग्री सेल्सियस