सजा सुनने के बाद भाग निकला था दोषी, पुलिस ने नशीले पदार्थ सहित किया गिरफ्तार
सजा का फरमान सुनकर अदालत से भागने वाले दोषी बलदेव को सेक्टर-39 थाना पुलिस ने चिट्टा सहित गिरफ्तार कर लिया
चंडीगढ़, [कुलदीप शुक्ला]। सजा का फरमान सुनकर अदालत से भागने वाले दोषी बलदेव को सेक्टर-39 थाना पुलिस ने चिट्टा सहित गिरफ्तार कर लिया। संबंधित थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में दोषी बलदेव के खिलाफ दोबारा से केस दर्ज कर लिया। सेक्टर-39 थाना पुलिस आरोपित को जिला अदालत में पेश करेगी। सेक्टर-41 निवासी बलदेव के भागने के मामले में कोर्ट ने सेक्टर-39 थाने के एसएचओ को 19 अप्रैल तक दोषी को अरेस्ट करने के लिए नोटिस जारी कर दिया है। इससे पहले अदालत में पेश हाेकर बलदेव की पत्नी ने उसे पेश करने के लिए थोड़ी और मोहलत मांगी थी। उसने कहा कि पति बलदेव काे ढूंढने के लिए थोड़ा ओर समय चाहिए।
बता दें कि दोषी बलदेव के अदालत से भाग जाने के बाद अदालत ने उसकी श्योरिटी देेने वाली उनकी पत्नी के खिलाफ नोटिस जारी किया था। चूंकि बलदेव की पत्नी ने अदालत से अपील की थी कि वह खुद ही बलदेव को अदालत में प्रोड्यूस करवाएगी। इसलिए अदालत ने उसकी अपील को स्वीकार करते हुए अगली तारीख तक बलदेव को पेश करने के लिए कहा है। बलदेव को सेक्टर-39 थाना पुलिस ने फरवरी, 2018 में 30 प्रतिबंधित इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया था। बलदेव सेक्टर-41 डी का रहने वाला है। बलदेव पर डॉ. सुशील कुमार गर्ग
की कोर्ट में सुनवाई चल रही थी। शुक्रवार को अदालत ने उसे दोषी ठहराते हुए दस साल सजा सुनाई। सजा सुनने के बाद बलदेव कोर्ट रूम से बाहर आया और वहां से भाग निकला था। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह उन्हें चकमा देकर वहां से भागने में कामायाब रहा।