दिवाली से पहले ही चंडीगढ़ की हवा में घुला जहर, मार्निंग वॉक करने वाले बरतें सावधानी
पॉल्यूशन लेवल मॉनीटरिंग अधिकारियों की मानें तो शहर में सुबह सबसे ज्यादा एयर पॉल्यूशन दर्ज किया जा रहा है। ऐसे में मॉर्निग वॉक करने वाले लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है।
चंडीगढ़ [विशाल पाठक]। दिवाली से पहले ही सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ की हवा में जहर घुलना शुरू हो गया है। शनिवार को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 200 तक दर्ज किया गया। जोकि रात तक 237 तक पहुंच गया था। पॉल्यूशन लेवल मॉनीटरिंग अधिकारियों की मानें तो शहर में सुबह के समय सबसे ज्यादा एयर पॉल्यूशन दर्ज किया जा रहा है। ऐसे में मॉर्निग वॉक करने वाले लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है।
डिपार्टमेंट के अधिकारियों की मानें तो शहर की हवा में जहर घोलने का काम सबसे ज्यादा पर्टिकुलेट मैटर्स कर रहे हैं। पर्टिकुलेट मैटर्स यानी हवा में सबसे छोटे कण। ये हवा में मिलकर पॉल्यूशन लेवल को बढ़ाने का काम करते हैं। शहर की हवा का पर्टिकुलेट मेटर्स 2.5 तक नॉर्मल रहता है। इन पर्टिकुलेट मेटर्स का लेवल शनिवार को 318 जोकि सर्वाधिक दर्ज किया गया। इसके अलावा पीएम 10 का लेवल मैक्सिमम 199 तक पहुंच गया है। शहर की हवा में कार्बन मोनोक्साइड (सीओ) का लेवल भी बढ़ गया है। चंडीगढ़ में मैक्सिमम लेवल कार्बन मोनोऑक्साइड का शनिवार को 94 पर रहा।
दिवाली से पहले एक्यूआइ 202 दर्ज किया गया
दिवाली से पहले ही जिस कदर एयर क्वालिटी इंडेक्स 200 से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि दिवाली वाले दिन शहर का एक्यूआइ 300 से 350 के बीच दर्ज किया जा सकता है। शहर में सबसे ज्यादा एयर पॉल्यूशन सुबह पांच से सात और रात को आठ से 11 बजे के बीच दर्ज किया जा रहा है। दिवाली से एक दिन पहले ही चंडीगढ़ में भी एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 200 से भी ऊपर तक पहुंच गया। शुक्रवार सुबह आठ बजे एनवायर्नमेंट डिपार्टमेंट के मॉनीटरिंग स्टेशन सेक्टर-25 में एयर क्वालिटी इंडेक्स 202 रिकॉर्ड दर्ज किया गया था। बीते शुक्रवार को सीजन का सबसे ज्यादा एयर पॉल्यूशन दर्ज किया गया है। पॉल्यूशन मॉनीटरिंग टीम के विशेषज्ञों की मानें तो एक्यूआइ 200 से ऊपर पहुंचे तो इसको पूअर कैटेगरी में माना जाता है। ऐसे में सेहतमंद लोगों को भी ऐसी हवा में सांस लेने पर हेल्थ प्रॉब्लम हो सकती है।
दिवाली के बाद मॉर्निग वॉक पर जाने वालों के लिए हेल्थ टिप्स
- हो सके तो एक दिन न जाएं मॉर्निग वॉक पर।
- जाना ही है तो सुबह साढे़ आठ बजे के बाद जाएं
- एयर मास्क लगा सकते हैं।
- खाली पेट न निकलें मार्निग वॉक पर
- हार्ट पेशेंट और अस्थमा के मरीज न जाएं दिवाली के अगले दिन वॉक पर।
एयर क्वालिटी इंडेक्स पैरामीटर
पैरामीटर एयर क्वालिटी साइन 0-50 के बीच गुड
50-100 सेटिस्फेक्टरी
100-150 मॉडरेट
150-250 पूअर
250-350 वेरी पूअर
350-500 क्रिटिकल