पंजा साहिब के पानी और ननकाना साहिब की मिट्टी से हुआ पौधारोपण
देश के साथ-साथ विदेशों में भी गुरु नानक देव के 550वें प्रकाशोत्सव की धूम है। शुक्रवार को पंजाब यूनिवर्सिटी में एक अलग तरीके से इस पावन दिन को मनाया गया।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : देश के साथ-साथ विदेशों में भी गुरु नानक देव के 550वें प्रकाशोत्सव की धूम है। शुक्रवार को पंजाब यूनिवर्सिटी में एक अलग तरीके से इस पावन दिन को मनाया गया। पीयू में बने गुरद्वारे के पास पौधारोपण कार्यक्रम किया गया, जिसमें गुरु नानक सद्भावना यात्रा निकालकर पौधारोपण किया। इस कार्यक्रम में खास बात यह रही कि जो पानी और मिट्टी पौधों के लिए लाई गई थी वह सामान्य नहीं थी। पौधारोपण करने के लिए मिट्टी ननकाना साहिब से और पानी पंजा साहिब से लाया गया था। इन दोनों ही स्थानों का गुरु नानक देव के जीवन से गहरा रिश्ता है। ननकाना साहिब में गुरु नानक का जन्म हुआ था और पंजा साहिब वह जगह है जहां गुरु नानक देव ने पंजा मार कर पानी निकाला था। पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान पीयू स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। देशभर में कर रहे हैं यात्रा
पौधारोपण कार्यक्रम में गुरु नानक सद्भावना यात्रा के 10 से ज्यादा सदस्य शामिल थे। उन्होंने बताया कि वह इस यात्रा को पूरे देश में आयोजित कर रहे हैं। जहां जहां यह यात्रा जाएगी वहां पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके लिए मिट्टी ननकाना साहिब और पानी पंजा साहिब से लाया गया होगा। उनका लक्ष्य 55 हजार पौधे लगाने का है जोकि नजदीक ही है। करतारपुर साहिब में होगा यात्रा का समापन
गुरु नानक सद्भावना यात्रा के सदस्यों ने बताया कि उनकी यात्रा लगभग अंतिम पड़ाव पर है। यात्रा का समापन करतारपुर साहिब में होगा। इसके बाद वहां जाकर जत्था पौधारोपण करेगा। अरब देशों में भी होगी यात्रा
गुरु नानक सद्भावना यात्रा का आयोजन न केवल देश में किया जा रहा है बल्कि यह विदेशों में भी आयोजित होगी। इसकी शुरुआत जल्द ही होने वाली है और यह यात्रा सभी अरब देशों में आयोजित होगी, जिसके लिए बातचीत चल रही है।