विदेश से लौटे तो सात दिन होटल में होंगे क्वारंटाइनः यूटी प्रशासन
एडवाइजर मनोज परिदा ने बताया कि सभी पैसेंजर की एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग होगी। पैसेंजर का पूरा ब्योरा रखा जाएगा।
चंडीगढ़, जेएनएन। डोमेस्टिक फ्लाइट सोमवार से शुरू हो रही है। इसको लेकर केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और यूटी को क्वारंटाइन और आइसोलेशन के लिए नियम बनाने की छूट दी है। राज्य और यूटी अपने स्तर पर इनके लिए नियम कायदे तय कर सकते हैं। यूटी प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि डोमेस्टिक फ्लाइट से चंडीगढ़ आने वाले उन यात्रियों, जिनमें कोरोना के लक्षण नहीं हैं, उन्हें सीधे उनके घर भेजा जाएगा। उन्हें 14 दिन खुद के स्वास्थ्य को सेल्फ मॉनिटर करना होगा। एडवाइजर मनोज परिदा ने बताया कि सभी पैसेंजर की एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग होगी। पैसेंजर का पूरा ब्योरा रखा जाएगा।
एयरपोर्ट पर ही पैसेंजर से अंडरटेकिंग भी ली जाएगी। फ्लाइट को लेकर यूटी प्रशासन केंद्र सरकार की गाइडलाइंस को सख्ती से लागू करेगा। वहीं विदेश से लौटने वाली हर पैसेंजर को प्रशासन द्वारा निर्धारित होटल में सात दिन क्वारंटाइन रहना होगा। इस दौरान यात्री का कोरोना टेस्ट होगा अगर टेस्ट नेगेटिव आता है तो वह सात दिन बाद घर जा सकता है। लेकिन उसे अगले सात दिन घर में खुद को क्वारंटाइन रखना होगा। चंडीगढ़ प्रशासन सेक्टर-10 स्थित होटल माउंटव्यू में विदेश से लौटने वाले पैसेंजर्स के लिए क्वारंटाइन सुविधा उपलब्ध करा रहा है।
आज पूरे शहर में रहेगी पानी की किल्लत
शहर में सोमवार को लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा। नगर निगम के अनुसार खरड़- मोहाली की लाइन की मरम्मत होनी है, जिस कारण आपातकालीन बिजली का कट लगाया जा रहा है। इस कारण कजौली वाटर वर्क्स से चंडीगढ़ में पानी की सप्लाई नहीं होगी। नगर निगम के जनस्वास्थ्य विभाग के अनुसार सुबह चार से नौ बजे की सप्लाई नार्मल आएगी। जबकि दिन की सप्लाई पूरी तरह से बंद रहेगी। शाम को लो प्रेशर से पानी की सप्लाई आएगी।