Punjab Cabinet Meeting: पंजाब में संपत्ति से जुड़ी सेवाओं के लिए आनलाइन सिटिजन पोर्टल शुरू
Punjab Cabinet Meeting पंजाब कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों पर मोहर लगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने संपत्ति से जुड़ी सेवाओं के लिए आनलाइन सिटीजन पोर्टल की शुरुआत की। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।
जेएनएन, चंडीगढ़। पंजाब कैबिनेट की मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगी। पंजाब में सभी शहरी विकास अथॉरिटी के कामकाज में कुशलता लाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने संपत्ति से जुड़ी सभी सेवाएं निर्विघ्न और आसान ढंग के साथ मुहैया कराने के लिए आनलाइन सिटिजन पोर्टल की शुरुआत की।
पंजाब शहरी विकास अथॉरिटी (पुड्डा) की इस जनकल्याणकारी कदम की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके साथ राज्यभर के लोगों को बड़ा लाभ होगा। वह जायदाद के मामलों संबंधी सभी सेवाओं को सुचारू और पारदर्शी ढंग के साथ प्राप्त कर सकेंगे। इससे अनावश्यक देरी व भ्रष्टाचार खत्म करने में मदद मिलेगी।
कैबिनेट बैठक के दौरान पोर्टल के उद्घाटन समय मकान निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव सरवजीत सिंह ने मंत्रिमंडल को बताया कि पोर्टल को व्यवस्था में बिना किसी तबदीली के हरेक सेवा में कारोबार प्रक्रिया/काम के प्रवाह को सरल बनाने के लिए तैयार किया गया है।