नेशनल हाईवे पर दो वाहनों की टक्कर में एक की मौत, पांच घायल
शहर से गुजरते नेशनल हाईवे पर गांव चरहेड़ी के पास रविवार सुबह दो वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई।
जेएनएन, कुराली। शहर से गुजरते नेशनल हाईवे पर गांव चरहेड़ी के पास रविवार सुबह दो वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में महिंद्रा टीयूवी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों में से एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआइ चंडीगढ़ रैफर किया गया है। टक्कर के बाद दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हादसा रविवार सुबह करीब नौ बजे हुआ।
मोहाली से नंगल जा रहे परिवार की महिंद्रा टीयूवी जैसे ही कुराली ओवरब्रिज को क्रॉस कर गांव चरहेड़ी (रोपड़) के निकट पहुंची तभी विपरीत दिशा से आ रही महिंद्रा पिकअप से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और महिंद्रा टीयूवी के एयर बैग्स तक खुल गए थे। वहीं, दोनों वाहनों की चपेट में आने से एक बाइक सवार भी घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचा। जहा डॉक्टर्स ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार व्यक्ति की गंभीर हालत के चलते उसे उसे पीजीआइ रेफर किया गया है। जबकि तीन अन्य घायलों का उपचार किया जा रहा है।
मोहाली से टीयूवी पर सवार होकर जा रहा था परिवार
मोहाली वासी महिंद्रा टीयूवी सवार ईशान रखड़ा ने बताया कि वह मां वीनू रखड़ा, बहन इशिता और चाचा जतिंदरपाल के साथ मोहाली से नंगल जा रहा था। जैसे ही वह कुराली के पास गांव चरहेड़ी के नजदीक पहुंचे तभी महिंद्रा पिकअप से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में उनके चाचा जतिंदरपाल (50) की मौत हो गई। जबकि वह और उनकी मां और बहन घायल हो गए।
वाहनों की चपेट में आकर बाइक सवार घायल, पीजीआइ रेफर
दोनों वाहनों की चपेट में आए कुराली वार्ड नंबर-5 निवासी आशू वर्मा को डॉक्टर्स ने पीजीआइ चंडीगढ़ रैफर किया गया। वहीं, महिंद्रा पिकअप चालक घायल सुलेमान वासी जिला सहारनपुर (यूपी) को जीएमएसएच सेक्टर-32 भेजा गया। मौके पर पहुंची थाना सिंह भगवंतपुरा पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने ईशान रखड़ा के ब्यानों पर महिंद्रा पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप