पूर्व सीएम बादल बोले- सरकार अब 700 शहीद किसान परिवारों की मदद के लिए आगे आएं
PM Modi Repeal Farm Laws पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कृषि कानूनों को वापस लिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें आंदलन के दौरान शहीद हुए 700 किसानों के परिवारों की मदद के लिए आगे आएं।
राज्य ब्यूरो,चंडीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा को 'इतिहास का निर्णायक क्षण' करार दिया है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर यह ऐलान किसानों के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। इसके साथ ही उन्हाेंने कहा कि अब केंद्र और राज्य सरकारें आंदोलन के दौरान शहीद हुए 700 किसानों के परिवारों की मदद के लिए आगे आएं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रकाश सिंह बादल ने कहा, 'दुनिया भर में किसान संघर्ष के इतिहास में यह सबसे बड़ी घटना है। मैं गुरु नानक देव जी महाराज को धन्यवाद देता हूं और अपने खेतों में कड़ी मेहनत करने वाले प्रत्येक किसान को बधाई देता हूं।'
बादल ने इसके साथ ही इन कानूनों को लागू करने से पहले किसानों से परामर्श नहीं किए जाने पर अफसोस जताया। बादल ने कहा, 'लोकतांत्रिक सरकारों के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि हितधारकों को भी शामिल किए बिना ऐसे कानून बनाए गए। किसी भी सरकार को कभी भी ऐसा नहीं करना चाहिए।' बादल ने कहा कि इस निर्णय का प्रभाव किसानों से कहीं अधिक होगा। गरीबों और वंचितों के लिए न्याय के लिए संघर्ष पर व्यापक और दीर्घकालिक प्रभाव पड़ेगा।
बादल ने संघर्ष के दौरान अनमोल जीवन के नुकसान पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेरी पहली संवेदना 700 से अधिक किसानों के परिवारों के साथ है, जिन्होंने इस न्यायपूर्ण और महान संघर्ष के पथ पर शहादत दी। काश वे आज का दिन देखने के लिए हमारे साथ होते। बादल ने केंद्र और राज्य सरकारों से शहीद परिवारों के साथ सरकारी नौकरियों और वित्तीय सहायता के रूप में उदार मदद के साथ खड़े होने की अपील भी की। बादल ने सरकार को कृषि संगठनों और राजनीतिक दलों के नेताओं को किसानों के कल्याण के लिए सुझाव देते हुए कहा कि उन्हें साथ लेकर ही कोई योजनाएं बनाई जाएं।